भोपाल /प्रदेश में विधानसभ चुनाव में तीन माह का समय बचा है। इससे पहले कांग्रेस और भाजपा में आरोप प्रत्यारोप के सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। शुक्रवार को कमलनाथ ने शिवराज सरकार के कथित 18 साल के घोटालो और भ्रष्टाचार की शीट जारी की है। साथ ही शिवराज सरकार के घोटालो सामने लाने के लिए अभियान की भी शुरुआत की। इसके लिए 9593420 420 नंबर जारी कर मिस्ड कॉल करने को कहा।उधर मध्य प्रदेश में कांग्रेस की ओर से जारी की गई घोटाला शीट का जवाब देते हुएमुख्यमंत्री शिवराज ने कांग्रेस पर जवाबी हमला बोला और उसके आरोपों को नकारते हुए इसे उसकी बौखलाहट बताया। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस बौखला गई है, इसलिए ऊल-जलूल आरोपों पर उतर आई है। लेकिन हमें जनता का जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है, वह अद्भुत और अभूतपूर्व है। जन दर्शन में भीड़ उमड़ रही है। हमारी कई यात्राएं भी प्रारंभ होने वाली हैं। इसी को देखकर कांग्रेस परेशान है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी जवाबी हमला बोला उन्होंने कहा कि कमलनाथ खुद को 2023 का मॉडल बताते हैं। सच्चाई यह है कि वे सिख दंगों, दलाली और गद्दारी के माॅडल जरूर हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कमलनाथ आज भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर रहे हैं तो ग्वालियर में प्रियंका गांधी के हाथों उन्होंने जो आरोप पत्र जारी करवाया था, वह क्या था?
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यजनक है कि करप्शन नाथ ने आज आरोप पत्र जारी करके फिर से जनता और मीडिया को भ्रमित किया है। कांग्रेस का आरोप पत्र झूठ का पुलिंदा है। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की पहचान करप्शननाथ के रूप में होती है। कमलनाथ जब मुख्यमंत्री रहे तब उन्होंने 15 महीने की सरकार में लगभग 15 हजार करोड़ के घोटाले किए। कांग्रेस घोटालों की जननी और करप्शन की दुकान है। कमलनाथ उसी परंपरा का निर्वाह करने वाले नेता हैं।
उन्होंने कहा, प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी तब जनता ने देखा है कि कमलनाथ के पूर्व ओएसडी प्रवीण कक्कड़, निजी सचिव आरके मिगलानी और भांजे रतुल पुरी सहित उनके चहेतों के घर और दफ्तरों में छापे की कार्रवाई हुई, जिसमें तकरीबन 281 करोड़ रूपए की गडबड़ी पाई गई थी।
कमलनाथ के भतीजे की कंपनी पर छापेमारी में 1,350 करोड रूपए से ज्यादा की टैक्स चोरी पकड़ी गई। इतना ही नहीं अगस्टा वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर खरीद मामले की दलाली में भी कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी का नाम उजागर हुआ, जिसमें 7 हजार 600 करोड़ और 780 करोड़ के घोटाले सामने आए
उधर मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस कर्नाटक की तर्ज पर उतर आई है कांग्रेस ने कर्नाटक में 40 परसेंट की सरकार का अभियान चलाया और चुनावी रैलियों में भी कांग्रेस नेता भ्रष्टाचार और घोटालों पर हमला करते रहे। अब इसी फॉर्मूले पर मध्य प्रदेश कांग्रेस भी आगे बढ़ रही है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के 50 प्रतिशत कमीशनराज ने मध्य प्रदेश को घोटाला प्रदेश बना दिया। पीसीसी चीफ ने कहा कि शिवराज सरकार के काला चिट्ठा बहुत लंबा है, जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण घोटालों को शामिल कर कांग्रेस पार्टी ने 18 साल के शिवराज सरकार के कार्यकाल की घोटाला शीट जारी कर रही है। इस शीट को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाएंगे। नाथ ने कहा कि शिवराज ने गर्भवती शिशु से लेकर मृत्यु को प्राप्त हो चुके मनुष्य तक को अपने घोटाले में शामिल किया। इतना ही नहीं घोटाले में भगवान को भी नहीं छोड़ा हैं। लोकतंत्र से बनी शिवराज सरकार ने सरकारी खजाने को लूट कर घोटाला करना अपना मूल मंत्र बना लिया है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है कि जब आप गूगल पर घोटाला या स्कैम सर्च करोगे तो सामने शिवराज जी की तस्वीर आ जाएगी।