ग्वालियर /ग्वालियर के सांसद और पूर्व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने ग्वालियर में अपनी महत्वाकांच्छी रोप वे निर्माण योजना में विलंब के लिए ग्वालियर की कांग्रेस शासित नगर निगम को दोषी ठहराया है। यह बात श्री शेजवलकर ने भाजपा मीडिया विभाग की मीडिया दिग्दिर्शिका विजय संकल्प अभियान 2023 का विमोचन करते हुए पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।
एक सवाल के जवाब में श्री शेजवलकर ने कहा कि यह योजना अभी ठंडे बस्ते में नहीं गई है कांग्रेस शासित नगरनिगम के कारण इसमें व्यवधान खड़ा हो गया है। इसे आने वाले समय में क्रियान्वित किया जाएगा।
श्री शेजवलकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश अभिनव प्रयोग के लिए जानी जाती है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश मीडिया विभाग ने विधानसभा चुनाव 2023 की दृष्टि से मीडिया बंधुओ के लिए मीडिया दिग्दिर्शिका विजय संकल्प अभियान 2023 (मीडिया हैंडबुक) तैयार की है। जिसमें पार्टी प्रत्याशियों की जानकारी के साथ भाजपा संगठन की जानकारी और केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों की जानकारी भी समाहित की गयी है। यह मीडिया हैंडबुक चुनाव में मीडिया बंधुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
सांसद श्री शेजवलकर ने कहा कि हमारे मीडिया विभाग की पूरी टीम प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में अभिनव और नवाचार के साथ काम कर रही है। मैं मीडिया दिग्दिर्शिका विजय संकल्प अभियान 2023 के प्रकाशन के लिए मीडिया टीम को बधाई देता हूँ। उन्होंने कहा कि इस मीडिया दिग्दिर्शिका में सभी को पार्टी प्रत्याशियों की जानकारी तो मिलेगी ही साथ ही भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की संगठनात्मक जानकारी और केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों की जानकारी भी प्रकाशित की गयी है। हैंड बुक में मध्यप्रदेश को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा दी गयी सौगातों का भी उल्लेख है कि किस प्रकार प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के मन में एमपी है। उन्होंने कहा कि बीते मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार के 15 महीने को छोड़ दिया जाए तो 18 वर्षों में इतने काम हुए हैं कि कांग्रेस के समय बीमारू कहा जाने वाला मध्यप्रदेश आज विकसित मध्यप्रदेश बन गया है। मीडिया हैंडबुक में मध्यप्रदेश तब और अब को लेकर 2003 के पहले और बाद में हुए 2023 तक के विकास कार्यों का तुलनात्मक आकड़े भी प्रकाशित किये हैं। बीते 18 वर्षों में भूतों न भविष्यति काम हुआ है। मध्यप्रदेश में भाजपा का समृद्धशाली इतिहास रहा है। प्रदेश के अलग-अलग अंचलों में भाजपा की विकास यात्रा को भी इस दिग्दिर्शिका में समाहित किया है। भाजपा सरकार के केंद्र विकास कार्यों की जानकारी भी इस हैंड बुक में प्रकाशित की गई है।
*
डबल इंजन की सरकार में ग्वालियर का चहुंमुखी विकास हुआ है
सांसद श्री शेजवलकर ने कहा कि हम कोई चुनाव हल्के में नहीं लेते हैं। भाजपा संगठन चुनाव को पूरी ताकत से लड़ता है और लोकतंत्र में चुनाव उत्सव होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास कराया है। ग्वालियर में भी विकास की गंगा बही है। फिर चाहे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य की बात हो या फिर शहरी क्षेत्र में विकास हो, गरीब कल्याण को लेकर सराहनीय कार्य हुआ है। ग्वालियर जिले में पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 322 किलोमीटर की 65 सडकों के लिये 159 करोड रूपए के कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत ग्रामीण अंचल में 23,393 आवास स्वीकृत हुये, जिनमें से 13261 आवास बन चुके हैं। ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के हर गांव में यह आवास बन रहे हैं और कई हितग्राहियों को दिए भी जा चुके हैं। जिले में नल जल योजना के अंतर्गत 532 गांवों में दिसंबर 2024 तक शतप्रतिशत लोगों के यहां नल के माध्यम से जल पहुंचाने के लिये सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिये 476 योजनायें स्वीकृत है? जिनमें से 93 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। अमृत सरोवर योजना के तहत 100 सरोवरों का लक्ष्य रखा गया, जिसमें 13 करोड की लागत से 76 सरोवर बन चुके हैं। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा डबरा में केन्द्रीय विद्यालय करीब 21 करोड़ की लागत से लगभग बनकर तैयार हो चुका है। अत्याधुनिक विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ 535 करोड़ रूपए की लागत से ग्वालियर रेलवे स्टेशन को भोपाल के कमलापति रेलवे स्टेशन की तरह अत्याधुनिक स्वरूप में विकसित किया जायेगा।
देश का पहला दिव्यांग स्टेडियम ग्वालियर में बनेगा
सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि केन्द्र सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय द्वारा देश का पहला दिव्यांग स्टेडियम ग्वालियर में करीब 151 करोड़ की लागत से लगभग बनकर तैयार हो चुका है।यह एशिया तथा भारत का पहला स्टेडियम होगा। ग्वालियर शहर में ट्रिपल आईटीएम कॉलेज से महारानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा से स्वर्ण रेखा नाले पर एलीवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण (प्रथम चरण) कार्य प्रारंभ हो गया है। राजमाता विजय राजे सिंधिया विमानतल ग्वालियर का विस्तारीकरण किया जा रहा है। भविष्य में यहां पर देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिये हवाई सेवा का प्रारंभ किया जाना है। अमृत योजना के प्रथम चरण में जल प्रदाय क्षेत्र के अंतर्गत 346 करोड एवं सीवरेज क्षेत्र के अंतर्गत 381 करोड की लागत से विभिन्न कार्य कराये गये।
*लाडली बहना योजना को बंद करने की धमकी देने वालों को सबक सिखाएंगी बहनें*
उन्होंने कहा कि ग्वालियर में कराए गए विकास कार्यों एवं ऐतिहासिक महत्व का ही नतीजा है कि आज ग्वालियर म्यूजिक सिटी में शामिल हो गया है। मैं आपसे इस मंच से कहना चाहता हूं कि केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों के बल पर मध्यप्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार आने वाली है। सत्ता में आने के बाद लाडली बहना योजना को बंद करने की धमकी देने वाले कमलनाथ स्वयं चुनाव हार रहे हैं। लाडली बहना उन्हें सबक सिखाने वाली हैं। प्रदेश की जनता ने अब मन बना लिया है कि भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार मध्यप्रदेश में होगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, नेशनल मीडिया के पैनलिस्ट डॉ. धनंजय गिरि, प्रदेश प्रवक्ता श्री बृजगोपाल लोया, प्रदेश मीडिया विभाग के सदस्य श्री बृजराज सिंह, संगठन के जिला प्रभारी श्री अरूण चतुर्वेदी, जिला महामंत्री श्री विनय जैन, संभागीय मीडिया प्रभारी श्री राजलखन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी श्री नवीन चौधरी, ग्रामीण मीडिया प्रभारी श्री जिनेंद्र सिंह किरार उपस्थित थे।