मुख्यमंत्री श्री Shivraj Singh Chouhan ने आज निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नर्स-कलेक्टर्स को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पूरे प्रदेश में लगभग अच्छी वर्षा हो रही है। वर्षा की कमी समाप्ति की ओर है। महाकाल भगवान को अच्छी वर्षा के लिए मैं प्रणाम करता हूं। साथ ही अतिवृष्टि से सतर्क रहना होगा। फसलों को थोड़ा नुकसान हुआ है। आकलन करके सर्वे कराया जाए। आरबीसी 6-4 के अंतर्गत तहत किसानों को राहत की राशि दी जाएगी।
लाड़ली बहना आवास योजना के लिए होगा पंजीयन
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित रह गईं लाड़ली बहनों को आवास स्वीकृत किया जाएगा। इसके लिए लाड़ली बहनों का पंजीयन होगा। योजना से संबंधित फॉर्म जनपद पंचायतों द्वारा ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे। दस्तावेजों को स्वयं सत्यापित करके जमा करना होगा। इस योजना का 17 सितंबर को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार से शुभारंभ किया जाएगा।
‘एकात्मता की प्रतिमा’ अद्भुत प्रकल्प
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर अद्भुत काम हो रहा है। ओंकारेश्वर में आदि गुरु शंकराचार्य जी की ‘एकात्मता की प्रतिमा’ का अनावरण होगा। आदि गुरु शंकराचार्य जी ने भारत को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने का काम किया। एकात्मता की प्रतिमा अद्भुत प्रकल्प है जो दुनिया को सारे द्वन्दों से बचाएगी। युद्ध नहीं शांति, घृणा नहीं प्रेम इसका संदेश अद्वैत वेदांत ही देगा। आगामी 18 सितंबर को ओंकारेश्वर में भव्य कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे से लाइव दिखाया जाएगा। हर प्रमुख मंदिर में लाइव कार्यक्रम दिखाने की व्यवस्था की जाए। इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए सभी पंथों, अखाड़ों के संत ओंकारेश्वर आ रहे हैं।
लाड़ली बहनों को रसोई गैस सिलेंडर ₹450 में मिलेगा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों के प्रचार रथ चल रहे हैं। जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर लोगों को उपलब्धियों की जानकारी दी जाए। लाड़ली बहनों को रसोई गैस सिलेंडर ₹450 में मिलेगा। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की बहनों को इसका लाभ मिलेगा। सिलेंडर रिफलिंग योजना का पंजीयन पोर्टल पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की तरह इस योजना का भी पंजीयन का कार्य करने के लिए केंद्र बनाए जाएं। इसकी सूची 25 सितंबर को अद्यतन की जाएगी। पंजीयन ऑनलाइन और जरूरत पड़ने पर ऑफलाइन किया जाएगा। बहनों को सिलेंडर रिफलिंग की अंतर की राशि रिफंड की जाएगी।