भोपाल। मध्य प्रदेश की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में 354 पॉजिटिव मिले। इसी के साथ मध्यप्रदेश में कोरोनावायरस से संक्रमित नागरिकों की संख्या 15,000 से ज्यादा ( 15284) हो गई है। एक्टिव केस की संख्या भी पहली बार 3000 से ज्यादा हो गई है। मध्य प्रदेश के 9 जिलों इंदौर, भोपाल, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, नीमच, मंदसौर और हरदा में स्थिति चिंताजनक नजर आ रही है क्योंकि यहां पिछले 24 घंटे में 10 से ज्यादा पॉजिटिव मिले हैं।
आज की रिपोर्ट में भी 9520 सैंपल में से 354 पॉजिटिव पाए गए हैं। यह औसत करीब 4% है। बेहद चिंता की बात है क्योंकि यह औसत लगातार बढ़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश में कुछ दिनों पहले तक यह 2% था।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज फिर 65 पॉजिटिव मिले हैं। प्रशासन की तमाम कोशिशों के बाद भी संक्रमण को नियंत्रित नहीं किया जा सका है। इसी महीने राजधानी में विधानसभा का मानसून सत्र है।
उज्जैन की तारीफ करनी पड़ेगी। लगातार नियंत्रण में चल रहा है। अब वहां मात्र 18 एक्टिव केस बचे हैं।
मुरैना 28, ग्वालियर 55 के बाद आज 61, शिवपुरी में 21 पॉजिटिव पाए गए हैं। पूरा ग्वालियर-चंबल संभाग कोरोनावायरस के संक्रमण की चपेट में है।
नीमच में 12 और मंदसौर में 10 पॉजिटिव का मिलना, चौकाने वाला घटनाक्रम है।
हरदा में एक साथ 13 नागरिक पॉजिटिव मिले हैं।