शुक्रवार 25 अप्रैल मुरैना में होगी प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी सभा
आज कहा कांग्रेस की एक ऐसी सच्चाई देश के सामने आई है, जिसे जानकर हर कोई सन्न है।
सागर/ बैतूल /भोपाल / प्रधानमंत्री द्वारा आज मध्यप्रदेश में धुआंधार चुनाव प्रचार करके माहौल भाजपामय कर दिया भोपाल के रोड शो ने तो सारे रिकार्ड तोड़ दिए इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी कल शुक्रवार को मध्यप्रदेश के ग्वालियर चंबल की मुरैना लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री ने आज मध्यप्रदेश के सागर और बैतूल में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित किया और प्रदेश की जनता से अपील की कि इस बार मध्य प्रदेश की हर सीट पर भारी बहुमत से इस बार कमल खिलना चाहिए। इन महारैलियों में मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, वरिष्ठ नेता श्री नरोत्तम मिश्रा, विदिशा लोकसभा प्रत्याशी श्री शिवराज सिंह चौहान, बेतुल-हरदा प्रत्याशी श्री दुर्गादास उईके और सागर लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती लता वानखेड़े अन्य नेतागण मंच पर उपस्थित रहे। भोपाल के रोड शो में भोपाल के प्रत्याशी आलोक शर्मा और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उनके साथ रथ में सवार थे।
प्रधानमंत्री की आज सागर और बैतूल की धरती पर जनसागर उमड़ पड़ा । जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे मध्यप्रदेश की जनता का आशीर्वाद चाहिए, यही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। जनता भगवान का रूप है और जब जनता आशीर्वाद देती है तो आशीर्वाद स्वयं भगवान का आशीर्वाद होता है। इन दिनों आशीर्वाद देने का एकमात्र तरीका कमल के निशान पर बटन दबाना है। देश के विकास के लिए एक स्थिर सरकार की कितनी आवश्यकता होती है, यह मध्यप्रदेश के लोग भली-भांति जानते हैं। सही नीति और सही विजन के साथ ही विकास संभव है। इसलिए, देश में विकास तब हुआ, जब कांग्रेस सत्ता से बाहर गई, और भाजपा ने सरकार बनाई। कांग्रेस शासन में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, मगर भाजपा सरकार में वहीं मध्य प्रदेश विकास की ऊंचाईयों को छू रहा है। मध्य प्रदेश में केन-बेतवा लिंक परियोजना का ऐतिहासिक कार्य शुरू हो गया है और सिंचाई के लिए बंडा-बृह सिंचाई परियोजना के काम को भी भाजपा सरकार ने गति प्रदान की है। मध्य प्रदेश में हाईवे का जाल बिछाया गया है, नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य प्रगति पथ, मालवा-निमार प्रगति पथ, मध्य भारत प्रगति पथ, बुंदेलखंड प्रगति पथ और अटल प्रगति पथ जैसे एक्स्प्रेस-वे, मध्यप्रदेश की पहचान बने हैं। केंद्र की भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को 350 से ज्यादा रेल परियोजनाओं की सौगात भी दी है। सागर में अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी किया गया है। 50 हजार करोड़ की लागत से बीन रिफाइनरी में, पेट्रो-केमिकल कॉम्प्लेक्स का कार्य भी शुरू किया गया है। भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशाओं में कार्य किया है। उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव निरंतर कार्य कर रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस की ऐसी सच्चाई सामने आई है, जिसे सुनकर हर देशवासी सन्न हो गया है। कांग्रेस ने आज विरासत पर टैक्स लगाने की घोषणा की है। भारत में हर घर में बुजुर्ग अपने पोता-पोतियों के लिए संपत्ति को बचाए रखते हैं लेकिन कांग्रेस इस विरासत पर भी कर लगाना चाहती है। कांग्रेस भारत के सामाजिक मूल्यों इतना कट चुकी है कि कांग्रेस को पारिवारिक मूल्यों का भी अंदाजा नहीं रहा है। भारतीय जरूरत के हिसाब से पैसे खर्च करते हैं, और बचत करने का प्रयास करते हैं लेकिन कांग्रेस पीढ़ी दर पीढ़ी चलने वाली संपत्ति को भी लूटना चाहती है। कांग्रेस का मंत्र है, कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ और जिंदगी के बाद भी। कांग्रेस को देश की पहचान और संविधान से नफरत है इसीलिए ये हर तरीके से देश की साख को कमजोर करना चाहते हैं। ये नेता समाजों को आपस में लड़वाने के लिए नए नए पैंतरे अपनाते हैं। कांग्रेस अब कह रही है कि यह कांग्रेस के शहजादे के सलाहकार का निजी बयान है जबकि 2011 में भी कांग्रेस ने देश में विरासत कर लागू करने की वकालत की थी। विरासत पर टैक्स लगाने की कांग्रेस की इच्छा बहुत पुरानी है। इंडी गठबंधन अब तक अपने नेतृत्व को तय नहीं कर पाया है, लेकिन भाजपा के पास मोदी का नेतृत्व, 10 वर्ष के कार्यों का हिसाब और अगले 25 वर्षों के विकास का रोडमैप है। इंडी गठबंधन के दल हर वर्ष, नया प्रधानमंत्री की योजना बना रहे हैं। यह मुंगेरीलाल के हसीन सपने नहीं, बल्कि देश को तबाह करने का खेल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस देश के गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों सहित हम सबका मेहनत से कमाया हुआ धन छीनना चाहती है। यह लोकतंत्र में कभी नहीं हो सकता। वर्ष 2013 से पहले देश में कांग्रेस की सरकार थी और उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी यह बोला था कि इस देश पर पहला हक मुसलमानों का है। कितना दुर्भाग्य है कि कांग्रेस हमेशा से हिन्दू-मुसलमानों के बीच में फूट डालकर शासन करती रही। घमंडिया गठबंधन के लोग पानी पी-पीकर रोज एकमात्र व्यक्ति को गाली देते हैं। उन्हें कोई और नहीं मिलता। सोनिया गांधी इसलिए गाली देती हैं कि राहुल गांधी को नहीं बनने दे रहे हैं, लालू यादव इसलिए गाली दे रहे हैं कि तेजस्वी को नहीं बनने दे रहे हैं, ममता बनर्जी इसलिए गाली देती हैं कि उनके भतीजे को आगे नहीं आने दे रहे हैं। यह सभी अपने खानदान को आगे बढ़ाने के लिए निकले हैं। इन्हें देश की चिंता नहीं है। देश और देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता करने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी कर रहे हैं। वे भारत को मान-सम्मान दिलाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भी सभाओं को संबोधित किया।