अंतरिक्ष में भेजे गए रूस के मिशन मून को बड़ा झटका लगा है. अधिकारियों का कहना है कि रूस का लूना-25 अंतरिक्ष यान अनियंत्रित कक्षा में घूमने के बाद चंद्रमा से टकराकर क्रैश हो गया है. इससे पहले शनिवार को ही खबर आई थी कि रूस के मून-मिशन लूना-25 में लैंडिंग से पहले तकनीकी खराबी आ गई है. 21 अगस्त को इसकी चांद पर सॉफ्ट लैंडिग होनी थी.
मानवरहित यान को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करनी थी, लेकिन लैंडिंग से पहले की कक्षा में प्रवेश करते समय कुछ समस्याओं का सामना करने के बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया.अंतरिक्ष यान चंद्रमा के एक हिस्से का पता लगाने के मिशन के हिस्से के रूप में सोमवार को उतरने वाला था जिसके बारे में वैज्ञानिकों का मानना था कि यह जमे हुए पानी और कीमती तत्वों का पता लगा सकता है.बता दें कि रूसी अंतरिक्ष एजेंसी, रॉसकॉसमॉस ने कहा है कि लूना-25 अंतरिक्ष यान को चंद्रमा के ऊपर एक आपातकालीन स्थिति का सामना करना पड़ा है और टीमें समस्या का विश्लेषण कर रही हैं. एक बयान में कहा गया है कि प्रबंधन टीम फिलहाल स्थिति का विश्लेषण कर रही है. चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर भारत के चंद्रयान-3 मिशन से पहले होने वाले लैंडिंग प्रयास पर रॉसकॉसमॉस ने अभी तक कुछ भी नहीं कहा है.
वहीं भारत के चंद्रयान-3 का 3 विक्रम लैंडर अब चांद से सिर्फ 25 किलोमीटर दूर है. चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने 17 अगस्त 2023 को प्रोपल्शन मॉड्यूल को छोड़ दिया था. खुद आगे चल रहा था. दूसरा रास्ता पकड़ लिया था. इसी रास्ते से वह चांद के और नजदीक पहुंच गया है. 18 अगस्त की दोपहर से पहले विक्रम लैंडर और प्रोपल्शन मॉड्यूल 153 km x 163 km की ऑर्बिट थे. लेकिन करीब 4 बजे दोनों के रास्ते बदल गए. इसरो के मुताबिक, चंद्रयान-3 आने वाले 23 अगस्त को करीब 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा पर लैंड करने को तैयार है.