Homeप्रमुख खबरेंविद्या भारती के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं ने लिया ग्राम जीवन का अनुभव

विद्या भारती के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं ने लिया ग्राम जीवन का अनुभव

भोपाल/ विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के अभ्यास वर्ग के अंतर्गत 6 मार्च, गुरुवार को ग्राम दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभ्यास वर्ग 3 मार्च से 8 मार्च तक सरस्वती विद्या मंदिर, शारदा विहार आवासीय विद्यालय में संचालित हो रहा है।

ग्राम दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यकर्ताओं ने 40 निकटवर्ती ग्रामों में भ्रमण किया, जिनमें से अधिकांश जनजातीय बहुल क्षेत्र हैं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण जीवन की वास्तविकताओं को निकट से समझा। यह आयोजन भारतीय संस्कृति की जड़ों को पहचानने, ग्रामीण समाज की आवश्यकताओं को अनुभव करने और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यकर्ताओं ने विद्या भारती द्वारा संचालित संस्कार केंद्रों का अवलोकन किया। ये केंद्र केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, स्वच्छता, जैविक खेती, कुरीति उन्मूलन और शासकीय योजनाओं की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम बने हैं। इन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय समाज में हो रहे सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर हुए।

गांवों में कार्यकर्ताओं का भव्य स्वागत किया गया। ग्रामवासियों ने तोरण द्वार, कलश, रंगोली और तिलक के साथ उनका आत्मीय अभिनंदन किया। “अतिथि देवो भव” की परंपरा को सजीव रखते हुए ग्रामवासियों ने कार्यकर्ताओं का स्नेहपूर्वक स्वागत किया। संस्कार केंद्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जो इन केंद्रों के प्रभाव और उद्देश्य को दर्शाने वाले थे।

ग्राम दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यकर्ताओं के लिए 350 से अधिक जनजातीय परिवारों ने पारिवारिक भोजन की व्यवस्था की, जिससे सामाजिक समरसता और एकात्म भाव का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत हुआ।

इस अनुभव यात्रा में विद्या भारती के अखिल भारतीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी भी सम्मिलित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्राम समाज की जमीनी सच्चाइयों को समझते हुए संस्कार केंद्रों के माध्यम से सेवा और जागरण कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments