Homeग्वालियर अंचलविविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 101 महिलाएं सम्मानित

विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 101 महिलाएं सम्मानित

समाज और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की अहम भूमिका – ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
राष्ट्रीय नारी सशक्तीकरण संघ द्वारा 101 सदस्यों का गौरव रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया

ग्वालियर / प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है उस घर में हमेशा खुशियां होती हैं। इसलिए हमारी संस्कृति में अनादिकाल से नारी शक्ति को पूजते आ रहे हैं। श्री तोमर रविवार को जिला पंचायत के सभागार में नारियों के सम्मान के लिये आयोजित हुए सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमेशा से राष्ट्र और समाज के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका रही है।
जिला पंचायत के सभागार में राष्ट्रीय नारी सशक्तीकरण संघ द्वारा मध्य प्रदेश गौरव रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने 101 अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करने वाली नारी शक्ति व नारी को बढ़ावा देने वाले पुरूषों का इस समारोह में संस्था की ओर से सम्मान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दर्शन सिंह चौधरी, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति के उपाध्यक्ष श्री शंतिशरण गौतम तथा श्री गौरी शंकर धाकड़, संस्था अध्यक्ष श्री राजकुमार धाकड़ व डॉ. वीना कुर्रे सहित सम्मानित होने वाले सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करने से समाज में अच्छा काम करने वाली महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे अच्छा काम करने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में महिलाओं ने समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपना खास योगदान दिया है।
जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज हम अपने कार्यालय में नारी शक्ति का सम्मान करके अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं का आहवान किया कि जैसे मैं जिला पंचायत अध्यक्ष बन सकती हूं तो आप सब भी ऊँचे औहदे पर पहुँच सकते हैं। इसलिए आपके मन में जो सपना है उसे पूरा करने के लिये दृढ़-इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़िए।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री दर्शन चौधरी ने सम्मान समारोह में कहा कि नारी शक्ति हमेशा पूजनीय रही है और पूजनीय ही रहेगी। कार्यक्रम में पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने भी विचार व्यक्त किए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments