Homeप्रमुख खबरेंशिवराज से मुलाकात के बाद अब सामूहिक इस्तीफा नहीं देंगे डॉक्टर

शिवराज से मुलाकात के बाद अब सामूहिक इस्तीफा नहीं देंगे डॉक्टर

भोपाल / आज डॉक्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मिला और इस मुलाकात के बाद डाक्टरों ने अपना आंदोलन रोकने का फैसला लिया है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी हर मांग को लेकर सरकार जल्द ही आदेश जारी करेगी।

लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार के सामने गुहार लगा रहे सरकारी डॉक्टरों के सब्र का बांध इस माह के शुरू में टूट गया था और उन्होंने 2 मई को 2 घंटे के लिए और 3 मई को पूरे दिन के लिए पूरे प्रदेश में काम बंद रखा था। सरकारी डॉक्टरों की इस हड़ताल से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई। इनका कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वो काम पर वापस नहीं लौटेंगे और पूरे प्रदेश के 16000 सरकारी डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। लेकिन बुधवार को ही हाई कोर्ट ने हड़ताल पर सख्त रुख अपनाते हुए इसे अवैध करार दिया और डाक्टरों को काम पर लौटने का निर्देश दिया था।

अदालत के आदेश के बाद सरकारी डॉक्टर काम पर तो लौट आए लेकिन आंदोलन की राह अभी बंद नहीं हुई थी। इसके बाद उन्होने सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया। इसी बीच गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकारी डॉक्टरों के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री निवास पर बुलाया। इस प्रतिनिधिमंडल में डॉ सुनील अग्रवाल, डॉक्टर राकेश मालवीय और डॉक्टर माधव हंसानी शामिल थे। इनके बीच हुई चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ किया कि डॉक्टरों की मांगों पर उन्होंने विचार किया है और जल्द ही उन सभी मांगों के परिपालन के बारे में आदेश जारी किए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद चिकित्सक महासंघ के अध्यक्ष डॉक्टर राकेश मालवीय ने अपने साथियों के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री की बातों पर पूरा भरोसा है और पूरी उम्मीद है कि जल्द ही डॉक्टरों की मांगों पर सरकार आदेश जारी करेगी। वहीं उनके पूर्व के निर्णय अनुसार कई जिलों में सरकारी डॉक्टरों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था, उनसे भी ये अपील की गई कि वह अपने त्यागपत्र वापस ले लें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments