ग्वालियर/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 अप्रैल को ग्वालियर में करोड़ों रूपए के विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत किए जा रहे कार्यों में भी सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में हजीरा क्षेत्र में स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित लोकार्पण समारोह में शहर को कई सौगातें प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर जिले के निरावली ग्राम में पहुँचकर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य में सहभागिता करेंगे। केन्द्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे।
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की एवं आयोजन को पूर्ण भव्यता एवं गरिमा के साथ आयोजित करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक श्री मोहन सिंह राठौर, संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री, आईजी श्री अरविंद सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी, पूर्व विधायक श्री मुन्नालाल गोयल एवं विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने अधिकारियों से कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया के साथ अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शहर के विकास कार्यों का लोकार्पण किया जा रहा है। कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ। इसके साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों के लिए पेयजल आदि की व्यवस्था बेहतर हो यह भी सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा 24 अप्रैल को ग्वालियर में विकास कार्यों के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम के संबंध में प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।