मध्यप्रदेश में पी सी सी चीफ को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच अब कांग्रेस के एक बुजुर्ग नेता व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री का बेबसी भरा बयान सामने आया है,इस बयान को देखकर मंत्री जी की अनदेखी साफ परिलक्षित हो रही है। पी सी सी चीफ को लेकर कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह ने कहा कि मेरी कोई सुन नहीं रहा तो मैं क्यों अपनी टांग फंसाऊं सोनिया जी अनुभवी हैं वही फैसला लेंगी।
PCC चीफ़ को लेकर मच रहा सियासी घमासान मंत्रियों और नेताओं के बयानों से और तेज हो रहा है। कल हुई सोनिया गांधी और मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीच मुलाकात में भी इसका कोई नतीजा नहीं निकलने से कांग्रेस के सभी धड़ों में हलचल तेज हो गई है। ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री और पदाधिकारी, कार्यकर्ता लगातार वरिष्ठ नेतृत्व पर दबाव बना रहे हैं वहीं इस बीच ग्वालियर पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह का नया बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मेरी कोई सुन ही नहीं रहा तो मैं क्यों अपनी टांग बीच में फंसाऊं,और वैसे भी मेरे कहने से तो किसी को प्रदेश अध्यक्ष बना नहीं देंगे। लगातार बयानबाजी को लेकर मंत्री गोविन्द सिंह ने कहा कि कांग्रेस में गुलामी नहीं है यहाँ प्रजातंत्र है सबको अपनी बात कहने का अधिकार है।