शहर में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना हमारा कर्तव्य है। स्मार्ट सिटी के तहत सेफ सिटी प्रोजेक्ट के जरिए महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षित वातवरण देना हमारा प्रयास है। जिससे वह विकास में अपना योगदान दे सकेंगे। कॉलेज, कोचिंग सेंटर्स, स्कूलों के आसपास खड़े होने वाले असामाजिक तत्वों के लिए एक स्पेशल स्क्वॉड बनाए जाने की बात भी ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने कही है। उनका कहना है कि वह ग्वालियर एसपी से जल्द बात कर इस संबंध में स्क्वॉड बनवाएंगे। जो लगातार स्कूल, कॉलेज के आसपास घूमकर ऐसे लोगों को खदेड़ेंगे।
सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने अपनी पूरी टीम साथ मीडिया से चर्चा की। इसमें उन्होंने बच्चियों, छात्राओं और महिलाओं के लिए शासन द्वारा चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। साथ बताया कि किस तरह आम लोग इन योजनाओं का फायदा उठा सकते हैं। उन्होंने बताया की पिछले आठ माह से उनकी टीम शहर के विविध एजेंसियों के साथ इसपर रिसर्च कर रहे है। उन्होंने बताया की इसमें 52 स्पॉट सेंसटिव आये है। उन्होंने स्मार्ट सिटी के साथ एक एप तैयार किये जाने की बात भी कही साथ ही महिला सुरक्षा से जुडी तमाम योजनाओं के बारे में जनसाधारण को अवगत कराने का मीडिया से आग्रह भी किया।
महिलाओं के लिए अलग से जनसुनवाई
इसके अलावा अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कलेक्टर ग्वालियर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने घोषणा की है कि 9 मार्च मंगलवार को कलेक्ट्रेट में महिलाओं के लिए स्पेशल जनसुनवाई होगी। महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा और समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
2 अरब 73 करोड़ 62 लाख रुपए की जमीन माफिया से मुक्त कराई
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि बीते कुछ समय में एंटी माफिया मुहिम के चलते प्रशासन ने 2 अरब 73 करोड़ 62 लाख रुपए से ज्यादा की जमीन माफिया और कब्जाधारियों से मुक्त कराई है। इस जमीन को अपने कब्जे व निगरानी में लिया जा चुका है। अब इस जमीन का उपयोग जन कल्याण के कार्यो की योजनाओं में किया जाएगा।