ग्वालियर /ग्वालियर के सांसद विवेक शेजवलकर ने अमृत योजना को लेकर निगमायुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में इसे एक महत्वाकांक्षी योजना निरूपित करते हुए विस्तृत जानकारी व योजना प्रस्तुत करने हेतु संबंधित अधिकारियों की आवश्यक बैठक 07 दिवस में आहूत करने को कहा है उन्होंने निगमायुक्त का ध्यान योजना के तमाम महत्वपूर्ण बिंदुओं की ओर आकर्षित करते हुए लिखा है कि वे इस योजना व जानकारी से अवगत होना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि ग्वालियर की जनता भी अमृत योजना की प्रगति और भविष्य में होने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त करना चाहेगी।
श्री शेजवलकर ने अपने पत्र में लिखा है
”अमृत” एक महत्वकांक्षी योजना है इस पर 600 करोड रूपये से अधिक व्यय होना है जिसके द्वारा ग्वालियर के पेयजल व सीवेज व्यवस्था का कायाकल्प किया जाना है। एक आदर्श व आधुनिक व्यवस्था बनाना इस योजना का उद्देश्य है इस हेतु तैयारी के कुछ बिन्दु निम्नानुसार है –
1. कुल टंकियों व डी.एम.ए. की संख्या (टंकीवार) की जानकारी।
2. टंकियों की संख्या‚ जिनके सभी डी.एम.ए. स्वीकृत डिजाइन के अनुसार पूर्ण किये जा चुके है। बाकी टंकियों के डी.एम.ए. की टंकीवार प्रगति की जानकारी।
3. कितने डी.एम.ए. में जलप्रदाय तयमानको के अनुसार प्रारंभ किया जा चुका है। टंकीवार जानकारी।
4. डी.एम.ए. के अनुसार पाईप लाईन बिछाने के साथ-साथ क्या कनेक्शन किये जा रहे है।
5. डी.एम.ए. में सम्मिलित कनेक्शन्स की संख्या व उनके कनेक्शन नम्बर की जानकारी उपलब्ध है ? क्या डी.एम.ए. की भी नंबरिग की गई है ?
6. जहां गंदे पानी की शिकायतें हमेशा आती है‚ उन क्षेत्रों में डी.एम.ए. के अनुसार लाईने बिछाकर समस्या हल कर दी गई हो ऐसे कुछ डी.एम.ए. के उदाहरण प्रस्तुत करें।
7. अमृत योजना में जल वितरण सिस्टम ऑपरेशन व मेंटेनेंस का सारा कार्य ठेकेदार को करना है। इसकी क्या तैयारी है ? सीवेज सिस्टम को भी इसी तरह हैंडओवर करना होगा उसकी क्या योजना है ? जलप्रदाय व सीवेज सिस्टम की पूरी मॉनिटरिंग कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर से की जानी है। इसकी क्या तैयारी है ?
8. ”वॉटर ऑडिट” कैसे करेंगे उपभोक्ताओं के वाटर मीटर्स ? टंकियों के इनलेट‚ आउटलेट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के‚ इनलेट आउटलेट पर फ्लोमीटर्स टंकियो के वॉटर लेवल इन्डीकेटर्स व इन सब के कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर से मॉनिटरिंग की क्या तैयारी है? स्काडा सिस्टम कब तक चालू होगा ?
इन बिन्दुओं के अलावा इस संबंध में अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी चर्चा की जा सकेगी।
आपसे अनुरोध है उल्लेखित बिन्दुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी व योजना प्रस्तुत करने हेतु संबंधित अधिकारियों की आवश्यक बैठक 07 दिवस में आहूत करें। मैं यह सारी योजना व जानकारी से अवगत होना चाहता हूं। ग्वालियर की जनता भी अमृत योजना की प्रगति और भविष्य में होने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त करना चाहेगी।