भारत और श्रीलंका के बीच 13 जुलाई से शुरू होने से जा रही लिमिटेड ओवर सीरीज में अब बदलाव किया गया है। नए कार्यक्रम के मुताबिक, शिखर धवन की अगुवाई में भारत श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत अब 18 जुलाई से करेगा, जबकि टी-20 सीरीज 29 जुलाई तक खत्म होगी। मूल कार्यक्रम के अनुसार, ये छह मैच पहले 13 जुलाई से 25 जुलाई तक खेले जाने थे। बता दें कि श्रीलंकाई कैंप में कोरोना के कुछ मामले आने के कारण यह बदलाव किया गया है
श्रीलंकाई टीम के हाल में इंग्लैंड दौरे से लौटने के बाद उसके बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर और वीडियो एनालिस्ट जीटी निरोशन कोरोना संक्रमित पाए गए थे। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने पुष्टि करते हुए हुए कहा कि श्रीलंका दौरे के मैचों का नया कार्यक्रम आया है। श्रीलंका बोर्ड के अधिकारियों ने शनिवार सुबह बीसीसीआई के सचिव के साथ नए संशोधित कार्यक्रम को लेकर बात की।
यह भी दिलचस्प है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट सख्ती के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर रहा थी, लेकिन उसे शुक्रवार देर रात तक इस परिवर्तन के बारे में पता तक नहीं था। शिखर धवन के नेतृत्व वाली टीम 13 जुलाई को होने वाले पहले वनडे के हिसाब से तैयारी कर रही थी, लेकिन भारतीय टीम अब तीन वनडे मैच 18, 20 और 23 जुलाई को खेलेगी और तीन टी-20 मैच 25, 27 और 29 जुलाई को खेले जाएंगे। सभी मैच कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होंगे
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम: शिखर धवन (कप्तान), पृथ्वी शॉ, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, नीतीश राणा, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, कृष्णप्पा गौतम, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, भुवनेश्वर कुमार (उप-कप्तान), दीपक चाहर, नवदीप सैनी, चेतन सकारिया।