जीवन में हर दिन नई चुनौती है
ग्वालियर, न.सं.। मानव का जीवन कठिनाईयों से भरा हुआ है। जीवन में हर पल और हर दिन एक नई चुनौती है जिसे हमें सकारात्मक भाव से स्वीकार करना है। इनसे घबराना नहीं चाहिए बल्कि इनका डटकर मुकाबला करना चाहिए। तभी हम किसी मुकाम पर पहुँच सकेंगे और अपने आप को स्थापित कर सकेंगे। यह बात मुख्य अतिथि की आसंदी से शहर की वरिष्ठ समाजसेवी और जेसीआई पदाधिकारी श्रीमती कविता सोनी ने कही। अवसर था जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में मंगलवार को आयोजित होने वाली बोर्ड बैठक का। इस मौके पर कई दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
कार्यक्रम की शुरूआत भारतमाता के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए की गई। मुख्य अतिथि ने वहां उपस्थित दिव्यांगों से कहा कि आपके पास बहुत कुछ है। आप अपने आप को कतई कमजोर नहीं समझे। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर गोखले ने कहा कि सेवा भारती द्वारा दिव्यांगों की मदद कर बहुत ही सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर बोर्ड के चेयरमेन के.एन. शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवा भारती महानगर ग्वालियर के सचिव परांकुश शर्मा, गरगजनगर के संघचालक एवं अधिवक्ता मानसिंह जादौन, सेवा भारती महानगर ग्वालियर की सह सचिव श्रीमती अर्चना शर्मा आदि गणमान्यजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के प्रशासनिक अधिकारी गिरीश कुमार ने किया।
दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की बोर्ड बैठक में बनाए गए दिव्यांग जनों के प्रमाण पत्र
RELATED ARTICLES