मध्यप्रदेश में IAS अफसरों की तबादला सूची शनिवार देर शाम जारी कर दी गई। शनिवार देर रात 27 आईएएस अफसरों को इधर से उधर किया गया। इनमें 14 कलेक्टर भी शामिल हैं। सागर कलेक्टर दीपक सिंह को नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह की नाराजगी भारी पड़ी। उन्हें शिक्षा विभाग में अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, आगामी उपचुनाव वाले जिले आलीराजपुर और निवाड़ी के कलेक्टर भी बदले गए हैं। 14 में से 9 जिलों के कलेक्टर हटाए गए हैं। वहीं, 5 की एक से दूसरे जिले में पोस्टिंग की गई है।
प्रदेश में आलीराजपुर और निवाड़ी में उपचुनाव होने हैं। चुनाव से पहले दोनों जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। मुख्यमंत्री निवाड़ी कलेक्टर आशीष भार्गव की कार्यप्रणाली से नाराज थे। इस कारण उन्हें आबकारी विभाग में एडिशनल कमिश्नर बनाया गया है। आलीराजपुर की सुरभि गुप्ता को कमिश्नर हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग में भेजा गया है। वहीं, मुख्य सचिव कार्यालय में पदस्थ अरविंद दुबे को रायसेन कलेक्टर बनाया गया है। सीएम ऑफिस में पदस्थ रह चुके रायसेन कलेक्टर उमाशंकर भार्गव को विदिशा जिले की कमान सौंपी गई है।



