अवैध रूप से जिले से बाहर ले जाई जा रहीं खाद की 82 बोरी जब्त ,दोषियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई
ग्वालियर/ ग्वालियर जिले में खाद वितरण व्यवस्था की विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिससे जिले के किसानों को खाद मिलने में दिक्कत न हो। इस कड़ी में जिला प्रशासन और किसान कल्याण व कृषि विकास विभाग की संयुक्त टीम ने जिले से अवैध रूप से बाहर ले जाई जा रहीं खाद की 84 बोरी जब्त कर लीं हैं। साथ ही दोषियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि ग्वालियर जिले के कोटे का खाद जिले के किसानों में ही वितरित होगा, यदि इसे किसी भी खाद दुकानदार ने खुर्द-बुर्द करने की जुर्रत की तो उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ किया कि जिले के किसानों के हिस्से का खाद जिले के किसानों को ही वितरित होगा।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री एम के शर्मा ने बताया कि आज शाम पता चला था रायरू फार्म मुरैना रोड स्थित रोहित व मोहित जैन की खाद दुकान से डीएपी और यूरिया की 42-42 बोरी मुरैना जिले की ओर भेजी जा रहीं हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर खाद की ये बोरियाँ जब्त कर लीं गईं हैं। उन्होंने बताया कि हर जिले के लिए विभाग द्वारा खाद का कोटा निर्धारित होता है, उस खाद को दूसरे जिले में भेजना अवैध है। उप संचालक कृषि श्री शर्मा ने बताया कि खाद की अवैध बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ विभागीय प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस में भी प्रकरण दर्ज कराया जाएगा।