Homeप्रमुख खबरेंदेशव्यापी विरोध से घबराए खुर्शीद ने अब दी सफाई,मध्यप्रदेश में किताब पर...

देशव्यापी विरोध से घबराए खुर्शीद ने अब दी सफाई,मध्यप्रदेश में किताब पर लग सकता है प्रतिबंध

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद अपनी किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या: नेशनहुड इन ऑवर टाइम्स’ को लेकर चल रहे देशव्यापी विरोध के बाद  विचलित दिखाई देते हैं।  अब कांग्रेस नेता ने विवाद पर सफाई दी और हिन्दू धर्म की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इस किताब का विरोध कर रही भाजपा और अन्य हिन्दूवादी संगठनों पर तंज जरूर कसा कि उन्हें अफसोस है कि उन्होंने यह किताब अंग्रेजी में लिखी। सलमान ने कहा कि बेचारे विरोध करने वालों की अंग्रेजी कमजोर है, इसलिए उन्हें असली बात नहीं समझ आ रही है। अच्छा होगा कि वे किताब का अनुवाद करा लें।  वहीं मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उनकी किताब राज्य में बैन करने की बात कही है। उधर भाजपा नेता राम कदम ने सैंकड़ों हिंदुओं की भावना को ठेस पहुँचाने पर खुर्शीद के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दी है।

संभल के एंचोड़ा कंबोह में चल रहे पांच दिवसीय कल्कि महोत्सव के समापन में पहुंचे कांग्रेस नेता ने विवाद पर सफाई दी और हिन्दू धर्म की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अगर मुझे हिंदू धर्म से कष्ट होता तो मैं कल्कि महोत्सव में नहीं होता। मैं यहां हर साल आता हूं और इसलिए आता हूं कि मेरी नजर में हिंदू धर्म एक व्यापक और मन को असीम शांति देने वाला, विश्व शांति की बात करने वाला धर्म है। मैं इसमें विश्वास रखता हूं। मुझे ऐसा लगता है हिंदू धर्म के कुछ दुश्मन बीच में घुस गए हैं जो हिंदू धर्म को प्रदूषित कर रहे हैं। हिंदू धर्म का नाम इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे लोग हिंदू धर्म के शत्रु हैं। उन्हें डर है कि कहीं इस किताब से उनका सच न सामने आ जाए। वे इसीलिए किताब पर प्रतिबंध लगवाना चाहते हैं लेकिन सच पर कोई प्रतिबंध या ताले नहीं लगा सकता। सच्चाई हमेशा सामने आती है।

किताब के विवादित हिस्से पर सलमान ने कहा कि मैंने लिखा है कि आईएसआईएस और बोको हराम इस्लाम धर्म का दुरुपयोग करते हैं लेकिन मुझसे किसी इस्लाम धर्म के मानने वाले ने आपत्ति नहीं जताई। मैंने लिखा है कि उन जैसा धर्म का दुरुपयोग करने वाला यदि किसी और धर्म में भी है तो वह भी वही कर रहा है जो आईएसआईएस और बोको हराम करते हैं। मैंने अपनी बात समानता पर कही है न कि दोनों की तुलना की है लेकिन अफसोस है अंग्रेजी में होने के कारण कुछ लोगों को यह पुस्तक समझ नहीं आई। अगर ऐसा है तो उन्हें इसका अनुवाद करा लेना चाहिए।

धर्म के दुश्मनों को जनता की अदालत के सामने लाऊंगा
सलमान खुर्शीद बोले कि अगर मुझे कोई दिखता है कि वह धर्म का दुश्मन है तो मुझे यह जनता के सामने रखना होगा। अदालत तो सभी लोगों की है न ,हमारे देश भर में जितने लोग हैं उनकी अदालत में यह बात रखी जाएगी वह तय करेंगे। मेरा काम तो केवल अपेक्षा करना है, प्रार्थना करना मेरा काम है, वह मैं कर रहा हूं। जो मेरी किताब पर और मेरी प्रार्थना पर रोक लगाना चाहते हैं यह उनसे पूछिए कि वह मेरी प्रार्थना पर रोक लगाना क्यों चाहते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments