महाराष्ट्र सियासी संकट के बीच सीएम उद्धव ठाकरे परिवार समेत सरकारी आवास वर्षा से निजी आवास मातोश्री शिफ्ट हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव अब मातोश्री से ही कामकाज संभालेंगे। उद्धव के इस स्टैंड को इमोशनल कार्ड के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले उन्होंने फेसबुक लाइव पर भावुक होते हुए कहा था कि उन्हें सीएम पद की लालसा नहीं है और वह इस्तीफा देने को तैयार हैं। हालांकि शाम होते-होते शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि उद्धव पद नहीं छोड़ेंगे।
उद्धव ठाकरे पत्नी रश्मि और दोनों बेटे आदित्य व तेजस के साथ मातोश्री रवाना हुए। यह ठाकरे परिवार का निजी आवास है। वर्षा से बाहर निकलते वक्त समर्थकों के हुजूम ने उद्धव ठाकरे की गाड़ी को घेर लिया। वहीं मातोश्री के बाहर भी बड़ी संख्या में उनके समर्थक इकट्ठा हुए। मातोश्री के बाहर नारे लगाए गए, ‘उद्धव तुम आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं।’