नई दिल्ली/प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के आज 100 एपिसोड पूरे हो गए। हर महीने के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम को खूब पसंद किया जाता है। इस बार के ऐतिहासिक एपिसोड को यादगार बनाने के लिए देश में जगह-जगह इसकी लाइव स्क्रीनिंग की गई और करोड़ों लोगों ने इसे लाइव सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया की मन की बात कार्यक्रम के दौरान वे कई बार भावुक हुए और इस वजह से आकाशवाणी को इस कार्यक्रम के दौरान कई बार पुनः रिकॉर्डिंग करना पड़ी प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात मैं चर्चा के दौरान उपरोक्त बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि वास्तव में इस कार्यक्रम को प्रस्तुत करते समय देशवासियों के तमाम उत्कृष्ट कार्यों को देखकर व उनसे चर्चा के दौरान वे कई बार भावुक हुए इस वजह से आकाशवाणी के टेक्निकल स्टाफ को कई बार कार्यक्रम को रोककर पुनः रिकॉर्डिंग करना पड़ी।
पीएम मोदी ने कहा कि इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ हो, अमृतकाल की बात हो। मन की बात जिस भी चीज से जुड़ा वह जनआंदोलन बन गया। जब मैंने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ मन की बात पर चर्चा की थी, तब इसकी चर्चा विश्व में हुई थी। मेरे मार्गदर्शक लक्ष्मण लाल जी हमेशा कहते थे कि हमें दूसरों के गुणों की हमेशा पूजा करनी चाहिए। कोई हमारा साथी हो, हमारा विरोधी हो, हमें उसके गुणों से सीखना चाहिए। मन की बात दूसरों के गुणों से सीखने का बहुत बड़ा माध्यम बन गई है। इस कार्यक्रम ने कभी भी मुझे आपसे दूर नहीं होने दिया।
ब्रिटेन: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लंदन में इंडिया हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 100वां एपिसोड सुना।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”प्रदीप सांगवान आज हमारे साथ हैं, जिन्होंने हीलिंग हिमालया फाउंडेशन की शुरुआत की थी। प्रदीप जी, आपने हिमालय को हील करने की सोची। आजकल आपका अभियान कैसे चल रहा है।”
प्रदीप सांगवान ने कहा, ”जितना काम हम पहले पांच साल में करते थे, 2020 के बाद से अब एक साल में ही हो जाता है। हम पहले संघर्ष कर रहे थे। लोग सपोर्ट नहीं कर पा रहे थे या तवज्जो नहीं दे रहे थे। जब मन की बात में इसका जिक्र हुआ तो बहुत सारी चीजें बदल गईं। आज हम रोज पांच टन कचरा इकट्ठा करते हैं। यकीन नहीं मानेंगे कि मैं एक वक्त पर हौसला छोड़ चुका था, मन की बात में जिक्र होने के बाद एकदम बदलाव आया। पता नहीं कैसे आप हमें ढूंढ लेते हैं। हम हिमालय में जाकर काम करते हैं। आपने वहां हमें ढूंढा। तब मेरे लिए यह भावुक क्षण था कि देश के प्रथम सेवक से मैं बात कर पाया हूं।”
इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, ”आप हिमालय की चोटियों पर सच्चे अर्थों में साधना कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि आपका नाम सुनते ही लोगों को याद आता होगा कि आप कैसे पहाड़ों के स्वच्छता अभियान में जुड़े हैं। मुझे विश्वास है कि आपके प्रयासों से, चर्चा से, कितने ही पर्वतारोही इस अभियान से जुड़े हैं। अच्छी बात है।”
पीएम मोदी ने कहा कि मैं हमेशा ही कहता हूं कि हमें विदेश में टूर जाने से पहले अपने देश के टूरिज्म प्लेसों पर जाना चाहिए। ऐसे ही हमने स्वच्छ सियाचिन, सिंगल यूज प्लास्टिक और ई-वेस्ट पर भी बात की है। आज दुनिया जिस पर्यावरण को लेकर इतनी परेशान है, उसे लेकर मन की बात का प्रयास भी जारी है। मुझे यूनेस्को की डीजी का बयान भी आया है। उन्होंने मन की बात के 100वें एपिसोड पर बधाई दी है और एक संदेश भी भेजा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”जम्मू-कश्मीर की पेंसिल स्लेट्स के बारे में बताते हुए मंजूर अहमद का जिक्र हुआ था। मन की बात के इस सौवें एपिसोड में आपसे बात करके मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। ये पेंसिल स्लेट्स का काम कैसा चल रहा है?”
मंजूर अहमद ने कहा, ”बहुत अच्छे से चल रहा है। जब से आपने हमारी बात मन की बात में कही, तब से बहुत काम बढ़ गया है। दूसरों को रोजगार मिल रहा है। मेरे पास दौ सौ से ज्यादा लोग हैं। एक-दो महीने में और दो सौ लोगों को रोजगार बढ़ जाएगा।”
प्रधानमंत्री ने कहा, ”मुझे बहुत खुशी हुई। मुझे बराबर याद है। उस दिन आपने मुझे कहा था कि यह ऐसा काम है, जिसकी कोई पहचान नहीं है। आपको इसकी पीड़ा भी थी। आपको इस पर मुश्किल भी होती थी। अब पहचान भी बन गई। दो सौ से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रहे हैं। विस्तार करके और दो सौ लोगों को रोजगार दे रहे हैं। खुशी की खबर है।”
मंजूर अहमद ने इस पर कहा, ”किसानों को भी फायदा मिला। दो हजार का पेड़ अब पांच हजार का हो गया है। इतनी मांग बढ़ गई है। पहचान भी मिल रही है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, ”देखिए, वोकल फॉर लोकल की ताकत कितनी जबर्दस्त है, यह आपने धरती पर उतारकर दिखा दी। मेरी तरफ से आपको और गांव के सभी किसानों को, आपके साथ काम कर रहे सभी साथियों को भी मेरी तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
पीएम मोदी ने कहा कि मन की बात में कितने ही जनआंदोलनों ने जन्म लिया और गति भी पकड़ी है। जब देश में बने खिलौनों को फिर से जोर देने की बात चली तो इस कार्यक्रम ने अहम भूमिका निभाई। भारतीय नस्ल के श्वान, उनको लेकर जागरुकता बढ़ाने का काम भी तो मन की बात में ही हुई थी। हमने मन की बात में ही तो प्रण लिया था कि हम छोटे दुकानदारों से मोलभाव नहीं करेंगे। जब हर घर तिरंगा अभियान शुरू हुआ था, तब इस कार्यक्रम ने लोगों को प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाई थी।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”मेरे साथ जुड़ रहे हैं हरियाणा के भाई सुनील जागलान जी। उनका मेरे मन पर प्रभाव इसलिए पड़ा क्योंकि हरियाणा में जेंडर रेशा पर काफी चर्चा होती थी। मैंने भी बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ का अभियान हरियाणा से ही शुरू किया था। जब सुनील जी के सेल्फी विद डॉटर कैम्पेन पर नजर पड़ी तो मैंने उसे मन की बात में शामिल किया। सुनील जी आज हमारे साथ जुड़ रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने सुनील जागलान से पूछा, ”अब जब इसकी फिर चर्चा हो रही है तो कैसा लग रहा है? अब आपकी बिटिया कैसी, क्या कर रही है?”
जागलान ने कहा, ”मेरी एक बेटी सातवीं और दूसरी चौथी क्लास में पढ़ रही है। आपकी बड़ी प्रशंसक हैं। उन्होंने आपके लिए थैंक यू प्राइम मिनिस्टर नाम से क्लास में चिट्ठियां भी लिखवाई थीं।”
इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, ”बिटिया को मेरा और मन की बात के श्रोताओं का बहुत सारा आशीर्वाद दीजिए।”
आपकी वजह से बेटियों के चेहरे पर मुस्कान लगातार बढ़ रही है।
पीएम ने कहा कि जब मैं गुजरात का सीएम था, तब वहां सामान्य लोगों से मिलना जुलना हो ही जाता था। सीएम का कार्यकाल ऐसा ही होता है। लेकिन 2014 में गिल्ली आने के बाद मैंने पाया कि यहां का जीवन काफी अलग हैं। दायित्व काफी अलग, स्थितियां-परिस्थितियां काफी अलग, सुरक्षा अलग। पहले कुछ दिन मैं काफी खाली-खाली महसूस करता था। 50 साल पहले मैंने अपना घर इसलिए नहीं छोड़ा था कि एक दिन देशवासियों से मेरा संपर्क खत्म हो जाएगा। मैं देशवासियों से कटकर नहीं जी सकता था। मन की बात ने मुझे सामान्य मानवी से जुड़ने का मौका दिया