1857 के स्वतंत्रता समर की महान्यिका वीरांगना लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर उनकी बलिदान स्थली ग्वालियर में सुबह से देर शाम समाचार लिखे जाने तक श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों का तांता लगा हुआ है। शहर के तमाम सामाजिक राजनीतिक धार्मिक संगठनों सहित आम नागरिकों ने सुबह से ही वीरांगना समाधिस्थल पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। यहां आयोजित वीरांगना मेले के अंतर्गत दो दनॉन से राष्ट्रवादी कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है वीरांगना सम्मान के साथ यहां कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
स्वयंसेवकों ने किया वीरांगना प्रणाम
देश की स्वतंत्रता के लिए वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई ने बलिदान देकर समाज को एक प्रेरणा दी है। भारत को पुन: विश्व गुरू बनाने के लिए हमें नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना चाहिए। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लश्कर जिला के संघचालक प्रहलाद सबनानी ने वीरांगना लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता की आसंदी से कही। लक्ष्मीबाई कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर महानगर के स्वयंसेवकों ने झांसी की रानी को प्रणाम किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मप्र उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति डीके पालीवाल ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ग्वालियर विभाग के संघचालक विजय गुप्ता भी मंचासीन थे। मुख्य वक्ता श्री सबनानी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्याग को महत्व दिया गया है। कैकई का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कैकई भी वीरांगना थी। कैकई ने दशरथ के प्राणों की रक्षा की थी, लेकिन उन्होंने अपनी स्वार्थ की पूर्ति के लिए अपने बेटे भरत के लिए राजगद्दी और श्रीराम के लिए वनवास मांगा। वहीं रानी लक्ष्मीबाई ने देश के लिए अपने जीवन की आहुति दे दी। इतने काल बाद भी कोई भी अपनी बेटी का नाम कैकई रखना पसंद नहीं करता है, जबकि अपनी बेटी का नाम मनु और लक्ष्मी रखकर गौरव महसूस करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री पालीवाल ने रानी लक्ष्मीबाई के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब अंग्रेजों ने दामोदर राव को दत्तक पुत्र के रूप में अस्वीकार कर झांसी को अंग्रेजी राज्य में मिलाने की घोषणा की तो वीरांगना ने कहा कि मैं झांसी नहीं दूंगी। रानी लक्ष्मीबाई ने घमासान युद्ध कर अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे और मात्र 23 वर्ष की उम्र में राष्ट्र की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुईं।
राष्ट्र सेविका समिति ने किए श्रद्धासुमन अर्पित

वीरांगना बलिदान दिवस पर राष्ट्र सेविका समिति की गणवेशधारी बहनों ने वीरांगना के समाधिस्थल पहुंच कर उनकी शहादत को नमन किया । बहनों ने कतारबद्ध होकर समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए प्रणाम किया।
सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में वीरांगना लक्ष्मीबाई को याद कर ली राष्ट्रीय एकता व अखडंता की शपथ ली

वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस 18 जून 2023 पर निगम की ओर से समाधि स्थल पर आयोजित सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन प्रातः 8ः00 बजे किया गया।
सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा में सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, सभापति श्री मनोज सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष श्री हरिपाल , अपर आयुक्त नगर निगम श्री विजय राज सहित अनेक पार्षद गण एवं पतंजलि योगपीठ की बहने व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में सभापति श्री मनोज सिंह तोमर द्वारा सभी गणमान्य नागरिकों को राष्ट्रीय एकता व अखडंता की शपथ दिलाई गई।
भाजपा ने याद किया वीरांगना लक्ष्मीबाई के साहस, पराक्रम और शौर्य को

भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर द्वारा रविवार को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर पड़ाव स्थित उनकी समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने कहा कि आजादी के महान संघर्ष को अपने योगदान से एक नई शक्ति प्रदान करने वाली महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। आपके साहस, पराक्रम और शौर्य को युगों-युगों तक याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की स्वर्णिम अध्याय हैं। उन्होंने न सिर्फ अपने अदम्य साहस व शौर्य से विदेशी शासन को नतमस्तक किया बल्कि राष्ट्र व संस्कृति की रक्षा के ऐसे प्रतिमान स्थापित किए जो असंख्य भारतीयों में प्रेरणा बनकर प्रवाहित होने लगा।
वीरांगना लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जवाहर प्रजापति, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. नितेश शर्मा, पूर्व सभापति राकेश माहौर, जयप्रकाश मिश्रा, धर्मेंद्र कुशवाह केशव सिंह राजपूत, महेंद्र सोलंकी गिरिजा गर्ग सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित
कांग्रेस ने पदयात्रा निकाल किया वीरांगना को नमन
रानी लक्ष्मीबाई का बलिदान दिवस दिनांक 18 जून 2023 रविवार को झांसी की रानी लक्ष्मीबाई जी के बलिदान दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर जिला कांग्रेस कमेटी ग्वालियर के नेतृत्व में शाम 6 बजे महाराज बाड़े से रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल तक पद यात्रा कर समाधि स्थल पर पहुंचकर रानी के बलिदान को नमन किया जिला अध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा महापौर डॉ शोभा सिकरवार विधायक डॉ सतीश सिकरवार और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ट कार्यकर्ता शामिल रहे