आज़ाद समाज पार्टी- कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद उर्फ रावण पर बुधवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर ज़िले में जानलेवा हमला हुआ है.
पुलिस के मुताबिक उनकी कार पर कुछ हथियारबंद लोगों ने गोलियां चलाईं जिसमें वो घायल हुए है
ये हमला उस वक़्त हुआ जब चंद्रशेखर देवबंद में अपने एक समर्थक के घर जा रहे थे. वो एसयूवी में सवार थे.
विपक्षी पार्टियों ने दिनदहाड़े हुए इस हमले को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा है और क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.सहारनपुर के एसएसपी डॉक्टर विपिन टाडा ने मीडिया को बताया है कि चंद्रशेखर आज़ाद के क़ाफ़िले पर कार में सवार कुछ हथियारबंद लोगों ने गोलियां चलाईं.
एसएसपी के अनुसार, “एक गोली उन्हें (चंद्रशेखर को) छूकर भी निकली है, वो ठीक हैं और उन्हें इलाज के लिए देवबंद सीएचसी लेकर जाया गया. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.”
सहारनपुर एसएसपी ने बताया कि ये घटना देवबंद क्षेत्र की है और आस पास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
उन्होंने बताया कि पुलिस को शाम सवा पांच बजे चंद्रशेखर आज़ाद के कार पर फ़ायरिंग की सूचना मिली. इस घटना में गोली उनके पेट को छू कर निकली है, लेकिन वो सुरक्षित और ख़तरे से बाहर हैं.
उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंच कर पुलिस ने तफ़्तीश शुरू कर दी है और मौके पर डॉक्टरों और फ़ारेंसिक टीम पहुंच गई है.
हमले के बाद चंद्रशेखर ने क्या कहा
अस्पताल में घायल अवस्था में लेटे चंद्रशेखर ने बताया कि उन्होंने हमलावरों को नहीं पहचाना लेकिन उनके साथियों ने पहचान लिया है.
चंद्रशेखर ने बताया, “हमला करने वालों की गाड़ी सहारनपुर जाने वाली रोड की तरफ़ चली गई. उस समय हमारी एक ही गाड़ी थी और शायद हमारी दो गाड़ियां आगे-पीछे थीं. मेरे भाई को मिलाकर गाड़ी में कुल पांच लोग थे.”
“मेरे साथी डॉक्टर साहब को भी गोली लगी है. मुझे बहुत ज़्यादा याद नहीं है क्योंकि मुझे घबराहट हुई और मैंने सहारनपुर के एक वरिष्ठ अधिकारी को फ़ोन किया और उन्हें बताया कि मेरे ऊपर हमला हुआ है और शायद मुझे गोली लगी है.”
इसके बाद चंद्रशेखर आज़ाद ने बताया कि उन्होंने एसएसपी सहारनपुर को फ़ोन किया था और घटना की जानकारी दी थी.
उनसे सवाल किया गया कि क्या उन्हें किसी पर शक है, इस सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि उनका किसी से झगड़ा नहीं है.
उधर समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से कहा कि एसयूवी में सवार चंद्रशेखर आज़ाद पर कार सवार हमलावरों ने फ़ायरिंग की.
पुलिस का कहना है कि उनकी एसयूवी पर कई राउंड फ़ायरिंग की गई.
हमलावरों ने एसयूवी के दाहिनी तरफ़ गोली चलाई, जो दरवाजा छेदते हुए उनके पेट को छूकर निकल गई.
गोली से एसयूवी के पिछले दरवाजे का शीशा टूट कर बिखर गया है. एक पैसेंजर सीट में गोली के निशान साफ़ देखे जा सकते हैं.
एसपी सिटी अभिमन्यू मांगलिक ने कहा कि पता चला है कि हमलावरों ने जिस कार का इस्तेमाल किया उसका रजिस्ट्रेशन नंबर हरियाणा का था.
उन्होंने कहा कि ज़िले की सीमा को सील कर दिया गया है और हमलावरों और उनकी कार को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है.
विपक्ष का आरोप, ‘यूपी में जंगलराज’
चंद्रशेखर आज़ाद पर हुए हमले को लेकर विपक्ष हमलावर है. समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों ने क़ानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार को घेरा है.
उन्होंने आरोप लगाया, “सहारनपुर के देवबंद में आज़ाद सामाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आज़ाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है. बीजेपी राज में जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या होगा?”