हरियाणा के मेवात-नूंह में सोमवार को शुरू हुई हिंसा को लेकर आज विहिप और बजरंगदल द्वारा देश के तमाम इलाकों से धरना प्रदर्शन की खबरें आ रही है। दिल्ली में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर यह प्रदर्शन किया जा रहा है। इसको देखते हुए हिंसा वाले स्थान से लेकर दिल्ली, एनसीआर में सुरक्षा बेहद कड़ी है। एक तरफ नूंह में कर्फ्यू लागू है तो दूसरी ओर हिंसा की आग गुरुग्राम तक पहुंच गई. भीड़ ने मंगलवार देर रात यहां मस्जिद पर हमला करके मौलवी की हत्या कर दी. इतना ही नहीं दुकानों को भी आग के हवाले किया गया. हिंसा में अब तक दो होमगार्ड समेत 6 लोगों की मौत हो गई. नूंह में कर्फ्यू लगा दिया गया. हिंसा पर काबू पाने के लिए अर्धसैनिक बलों की 20 टुकड़ियों को तैनात किया गया है. नूंह, पलवल, मानेसर, सोहाना और पटौदी में इंटरनेट बंद कर दिया गया. अब स्थिति काबू में बताई जा रही है. RAF ने कई जगहों पर फ्लैग मार्च निकाला. हिंसा के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने आज देशव्यापी प्रदर्शन बुलाया है. उधर, हरियाणा में हिंसा को देखते हुए यूपी के 11 जिलों मे अलर्ट है. राजस्थान मे भरतपुर के बाद अब अलवर में धारा 144 लागू कर दी गई है.
उधर इसी बीच नूंह के जिस मंदिर के पास शोभायात्रा पर पथराव के बाद हालात बिगड़े हैं, उसके आसपास के गांवों में महापंचायत करने का निर्णय लिया गया है। इन महापंचायतों में नूंह में पैदा हुई परिस्थिति पर विचार करते हुए इसके समाधान पर विचार किये जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शोभायात्रा को जल्द ही दुबारा शुरू कर उसे पूरा करने की योजना बनाई है। तनाव को देखते हुए नए सिरे से शोभायात्रा शुरू होने पर दूसरे इलाकों में भी हालात बिगड़ने की संभावना है। बजरंग दल ने नूंह हिंसा के विरोध में दो अगस्त यानी बुधवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया है। इससे भी तनावग्रस्त इलाकों में शांति बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है।