ग्वालियर /पिछले विधानसभा चुनाव में ग्वालियर चंबल अंचल में भाजपा की फीके प्रदर्शन और वर्तमान में शिवराज सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने ग्वालियर चंबल अंचल कि 34 सीटों पर अपनी गतिविधियां बेहद तेज कर दी है । इसी के चलते पार्टी ने संभागीय मुख्यालय ग्वालियर में 20 अगस्त को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है इस बैठक को यहां आयोजित करने के पीछे संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाना तथा पूरे अंचल में पार्टी के मनोबल को ऊंचा करना मुख्य कारण माना जा रहा हैं।
उल्लेखनीय है कि 2018 के चुनाव में भाजपा को मालवा, महाकौशल और ग्वालियर-चंबल में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। इसके चलते भाजपा सत्ता में वापसी नहीं कर पाई थी। पिछले चुनाव में भाजपा को ग्वालियर-चंबल में 34 सीटों में सिर्फ 7 सीटें मिली थी। वहीं, बसपा एक सीट पर जीती थी। बाकी 26 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। हालांकि सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा ने दोबारा सरकार बना ली। जबकि 2013 में भाजपा को अंचल में 20 सीटों पर जीत मिली थी।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 20 अगस्त को ग्वालियर में होगी। बुधवार को कार्यसमिति की बैठक की तारीख तय हो गई है। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव भी शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश कार्यक्रम समिति में सांसद, विधायकों, जिलाध्यक्षों, प्रभारियों को भी बुलाया गया। इस बैठक में 1200 पदाधिकारियों के शामिल होने की बात कही जा रही है।