Homeप्रमुख खबरेंकर्फ्यू में आज 14 घंटे दी जाएगी ढील, स्कूल खुले, लगी...

कर्फ्यू में आज 14 घंटे दी जाएगी ढील, स्कूल खुले, लगी रहेगी 144  

ग्वालियर.    भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के कारण लगे कर्फ्यू में गुरुवार को 10 घंटे की ढील दी गई। बिना किसी हिंसा के बीच बीते दो दिनों के बाद प्रशासन ने यह ढील इसलिए दी थी ताकि क्षेत्र का माहौल सही से पता लग सके। हालांकि, ढील के दौरान मुरार, थाटीपुर व गोला का मंदिर थाने के कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त रखी गई और फोर्स भी हर स्थिति से निपटने के लिए तैनात था।
गुरुवार को ढील के दौरान कोई घटना न होने पर कलेक्टर राहुल जैन ने शुक्रवार को ग्वालियर शहर में सुबह 6 से रात 8 बजे तक कर्फ्यू में ढील देने के आदेश दिए हैं और डबरा में यह ढील सुबह 6 से शाम 7 बजे तक रहेगी। कर्फ्यू में ढील अवधि समाप्ति के बाद जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा फ्लेग मार्च किया जाएगा । ग्वालियर शहर में धारा-144 पूर्ववत लागू रहेगी।

आज से खुले स्कूल

शहर में तनाव के कारण तीन दिन की छुट्टी के बाद सरकारी व प्राइवेट स्कूल शुक्रवार से खुलेंगे। कलेक्टर राहुल जैन ने स्कूल खुलने का टाइम बदल दिया है। ऐसा गर्मी व लू की संभावनाओं के कारण किया गया है। दूसरी तरफ डीईओ डॉ. आरएन नीखरा ने कहा- कुछ स्कूलों ने 7 अप्रैल तक छुट्टी घोषित कर दी है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को अधिकतर प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी रहती है। कलेक्टर श्री जैन ने स्कूलों की टाइमिंग को लेकर गुरुवार शाम आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि केंद्रीय विद्यालय सहित सरकारी व प्राइवेट सभी स्कूल सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे। ऐसे स्कूल जिनमें दो पालियां संचालित होती हैं उनमें कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए सुबह 7.30 बजे से ही कक्षाएं लगेंगी। ऐसे स्कूलों में क्लास 9 से 12 तक के छात्रों के लिए कक्षाएं दोपहर 12 से शाम 4.30 बजे तक लगेंगी।

 

चार एफबी अकाउंट पर मिलीं भड़काऊ पोस्ट

गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने100 से ज्यादा फेसबुक अकाउंट और वाट्सएप ग्रुप चेक किए। इनमें से 4 फेसबुक अकाउंट ऐसे मिले, जिन पर भड़काऊ पोस्ट की गई थीं। शुक्रवार को फेसबुक अकाउंट और वाट्सएप ग्रुप पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हालात बिगड़ने के बाद 10 अप्रैल को किए जा रहे भारत बंद की घोषणा को गंभीरता से लिए जाने और एहतियात बरतते हुए सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश पुलिस हेडक्वार्टर की ओर से दिए गए हैं।

 

4 उपद्रवी और पकड़े

2 अप्रैल को जयेंद्रगंज इलाके में उपद्रव करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखकर पुलिस ने 4 और आरोपियों की पहचान की तथा उन्हें गिरफ्तार कर लिया। टीआई इंदरगंज उमेश मिश्रा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज से रमेशचंद जाटव निवासी बहोड़ापुर, शीतल जाटव निवासी कुलैथ, विशाल शाक्य निवासी कमल सिंह का बाग, हरीश शाक्य निवासी शिंदे की छावनी की पहचान उपद्रव करने वालाें के रूप में हुई थी। उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments