कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले में डॉक्टरों के विरोध प्रदर्शन के दौरान 14-15 अगस्त की दरम्यिानी रात भीड़ ने हिंसा की है. डाक्टरों सहित भाजपा ने हमलावरों को सत्ताधारी दल के गुंडे बताते हुए आरोप लगाया है कि वे सबूत मिटाने आए थे ।
जब ये डॉक्टर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब एक अज्ञात भीड़ ने अस्पताल परिसर में प्रवेश कर प्रदर्शन स्थल, वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. अब आर जी अस्पताल में रेप की घटना के खिलाफ न्याय की मांग को लेकर धरना दे रहे डाक्टरों ने अस्पताल पर अचानक की गई हिंसा और हमला करने वालों को टीएमसी के गुंडे बताया है साथ ही स्थानीय पुलिस की जगह केंद्रीय सुरक्षा बल की मांग की है। घटना के बाद डाक्टरों में भय का माहौल है और उन्होंने रात्रि ड्यूटी से इंकार किया है।
पुलिस ने बताया कि 30-40 युवक अंदर घुसकर तोड़फोड़ की है। तोड़फोड़ करने वाले ये लोग कौन है इसका पता नहीं चल सका है। बड़ी बात यह है कि पुलिस के सामने ही तोड़फोड़ होती रही। इस पर अब प्रश्न यह उठने लगा है कि क्या महिलाओं के शांतिपूर्ण आंदोलन से ध्यान हटाने के लिए तो सुनियोजित घटना तो नहीं है। साथ ही भीड़ ने धरना मंच भी तोड़ दिया गया ।
मीडियाकर्मियों पर किया गया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि अस्पताल परिसर में तैनात पुलिस मूकदर्शक बनी रही, उपद्रवियों के समूह ने आपातकालीन विभाग में तोड़फोड़ की। हिंसक भीड़ ने कथित तौर पर अस्पताल में मौजूद मीडियाकर्मियों पर भी हमला किया, उनके कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए। अस्पताल परिसर के बाहर ‘मिडनाइट प्रोटेस्ट मार्च’ में भाग लेने वालों के मंच को भी तोड़ दिया गया
पुलिस जब कार्रवाई के लिए आगे बढ़ी तो हमलावरों ने पथराव शुरू कर दिया , जिसमें कुछ पुलिस कर्मी जख्मी भी हुए हैं। स्थिति ऐसी हो गई थी कि रैफ उतारना पड़ा। आंसू गैस के गोले छोड़े गए। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कोलकाता पुलिस के आयुक्त विनीत गोयल भी मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों बोले- भीड़ ने बैरिकेड तोड़ दिए
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के प्रशिक्षु डॉक्टर हसन मुश्ताक कहते हैं कि हमें रात 11 बजे विरोध मार्च के लिए निकलना था (प्रदर्शन स्थल से)। लेकिन, परिसर के बाहर लोगों का एक बहुत बड़ा समूह था जो प्रदर्शन कर रहा था। वे नारे लगा रहे थे – ‘हमें न्याय चाहिए’, लेकिन वे आगे नहीं बढ़ रहे थे… भीड़ उग्र हो गई और वे परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। अचानक, वे आए और तोड़फोड़ करने लगे। हमने अपनी महिला टीम को पहले ही जाने के लिए कह दिया था और जैसे ही वे गए, भीड़ ने बैरिकेड तोड़ दिए और अंदर घुस गई और हमें अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा। भले ही हम सब कुछ शांतिपूर्वक कर रहे थे, लेकिन वे बाहर से आए और उन्होंने यह किया।