ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर जुड़वाएं मतदाता सूची में नाम
ग्वालियर जिले में विशेष शिविर लगाकर भरवाए जा रहे हैं फॉर्म
कलेक्टर ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से की फॉर्म-6 भरने की अपील
ग्वालियर 09 जनवरी 2026/ अठारह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके जिले के जिन युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। इसी तरह अन्य जिले की जिन महिलाओं की शादी ग्वालियर जिले में हुई है वे भी यही फॉर्म भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा दें। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिये ऑनलाइन https://voters.eci.gov.in/ लिंक के माध्यम से फॉर्म-6 भरा जा सकता है। साथ ही बीएलओ से भी यह फॉर्म प्राप्त कर भरा जा सकता है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने जिन युवाओं व महिलाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं उनसे फॉर्म-6 भरने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि जो लोग ऑनलाइन अथवा बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर जमा करेंगे, उनका नाम फरवरी माह में प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में शामिल हो जायेगा।
ग्वालियर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत फॉर्म-6 भरवाने का काम भी विशेष शिविर लगाकर कराया जा रहा है। इस क्रम में शुक्रवार को डबरा के वृंदासहाय महाविद्यालय, कन्या उमावि व शासकीय उमावि चाँदपुर में शिविर लगाकर फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही फॉर्म भी भरवाए गए।