नई दिल्ली 31 जनवरी 2026/ बजट में क्या महंगा होगा और क्या सस्ता यह तो कल पता चलेगा लेकिन बजट प्रस्तुत करने को लेकर एक ऐतिहासिक घटनाक्रम होने जा रहा हैं, पहली बार भारत में बजट रविवार यानी 1 फरवरी 2026 को पेश किया जाएगा। इस दिन का हर भारतीय को बेसब्री से इंतजार रहता है। चाहे टैक्स में राहत की बात हो या नई सरकारी योजनाओं की घोषणा और हर ऐलान पर सबकी नजरें रहेंगी, क्योंकि ये सीधे आपकी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकता है।
बजट 2026 कितने बजे पेश होगा?
बजट सुबह 11 बजे संसद भवन में पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातरा 9वीं बार बजट पेश करेंगी, जो एक रिकॉर्ड है। संसद का बजट सेशन 28 जनवरी से शुरू हो चुका है, जो दो सेशन में 2 अप्रैल तक चलेगा। पहला सेशन 28 जनवरी से 13 फरवरी तक और दूसरा सेशन 9 मार्च से 2 अप्रैल तक चलेगा। 29 जनवरी 2026 को देश का इकोनॉमिक सर्वे पेश किया गया था।
Budget 2026 लाइव कहां और कैसे देखें?
अगर आप 1 फरवरी को बजट की हर अपडेट को मिस नहीं करना चाहते, तो इसे लाइव देखना सबसे आसान तरीका है। संसद टीवी पर संसद से सीधे टेलीकास्ट होगा, वहीं DD News भी पूरे देश में इसे प्रसारित करेगा। इसके अलावा एशियानेट हिंदी न्यूज और यूट्यूब चैनल पर भी बजट से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स लाइव स्ट्रीम उपलब्ध होगी। ऐसे में चाहे आप घर पर हों या बाहर बजट के हर अपडेट को रियल टाइम में फॉलो कर सकते हैं। इसके अलावा ‘Union Budget App’ पर भी पूरा बजट पा सकते हैं।
यूनियन बजट भारत सरकार का सालाना वित्तीय बयान है, जिसे संसद में पेश किया जाता है। ये बताता है कि आने वाले वित्तीय वर्ष में सरकार की आमदनी और खर्चा कितना होगा। बजट में टैक्स में बदलाव, खर्चा और विकास के प्रमुख क्षेत्र, नई नीतियां और सुधार जैसी मुख्य बातें शामिल होती हैं। बजट 2026 इस लिहाज से भी खास है कि ये मोदी सरकार 3.0 का दूसरा पूरा बजट होगा और इस साल पश्चिम बंगाल, असम जैसे राज्यों में चुनाव भी होने हैं।