Homeग्वालियर अंचलसिलावट ने ग्वालियर में ओलावृष्टि,बस स्टेण्ड,पेयजल, सीवर सड़क, यातायात और मिलावट पर...

सिलावट ने ग्वालियर में ओलावृष्टि,बस स्टेण्ड,पेयजल, सीवर सड़क, यातायात और मिलावट पर अधिकारियों से की चर्चा

 

ग्वालियर 21 मार्च 2026/ जिले में गत रात कुछ गाँवों में ओलावृष्टि की सूचनायें मिलने पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि ओलावृष्टि से प्रभावित सभी गाँवों का तत्परता से सर्वेक्षण कराया जाए। ओलावृष्टि से अगर किसी भी किसान की फसल को हानि पहुँची है तो उसे शासन के प्रावधान अनुसार राहत वितरण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने शनिवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर विकास की समीक्षा करते हुए यह बात कही।
जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने मुरार सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर विकास की चर्चा की। ग्वालियर विकास की सभी परियोजनाओं को तेजी के साथ पूर्ण करने की बात भी कही। समीक्षा बैठक में नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह राजपूत, आईजी ग्वालियर श्री अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी ग्वालियर श्री अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड का संचालन शीघ्र प्रारंभ हो

प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि ग्वालियर में अंतर्राज्यीय बस स्टेण्ड (आईएसबीटी) का निर्माण किया गया है। शहर विकास की कड़ी में यह एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके संचालन के लिये जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं बस ऑपरेटरों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर बस स्टेण्ड का संचालन व्यवस्थित रूप से प्रारंभ किया जाए।

पेयजल, सीवर एवं सड़कों के संधारण कार्य को दें प्राथमिकता

प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने शहर विकास की समीक्षा के दौरान कहा है कि ग्वालियर में पेयजल वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आम लोगों को शुद्ध और पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सीवर संधारण के कार्य भी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किए जाएं।

जिले में यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था पर निरंतर कार्य हो

प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आईजी श्री अरविंद सक्सेना, डीआईजी श्री अमित सांघी एवं पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह से कहा कि यातायात प्रबंधन के लिये पुलिस विभाग के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जाना चाहिए। इसके साथ ही कानून व्यवस्था के मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाना चाहिए। जहां आवश्यकता हो वहां सख्ती भी की जाना चाहिए।

मिलावट के विरूद्ध हो सख्त कार्रवाई

प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरूद्ध जिले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments