Homeप्रमुख खबरेंभिंड मुरैना में जोरदार स्वागत के बीच बोले शिवराज चंबल एक्सप्रेस वे...

भिंड मुरैना में जोरदार स्वागत के बीच बोले शिवराज चंबल एक्सप्रेस वे से चंबल के विकास के नये द्वार खुलेंगे

भिंड/मुरैना। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो भिंड मुरैना कभी डकैतों के आतंक के लिए जाना जाता था। उसे हमने आतंक से मुक्त करके भय का वातावरण समाप्त कर दिया है। अब चंबल एक्सप्रेस वे जैसे परियोजनाओं से इस अंचल के विकास के नये द्वार खुलेंगे। भाजपा की सरकार चंबल के क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। हाल ही में सिंचाई परियोजना का क्रियान्वयन इसका एक बड़ा उदाहरण है।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यह बात चंबल संभाग के भिंड और मुरैना जिले के परा, चैमो, गोरमी, पोरसा, अंबाह और दिमनी में जनअशीर्वाद यात्रा के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की जनअशीर्वाद यात्रा रविवार को भीण्ड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र के परा से प्रारंभ हुई। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह अपार जनसमर्थन उमडा था और मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर दतिया से मुरैना तक यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ थे। मुख्यमंत्री  के साथ उनकी धर्मपत्नि श्रीमती साधना सिंह चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद श्री प्रभात झा हैभी । यात्रा के भिंड पहुंचने पर सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, चंबल यात्रा प्रभारी श्री वेदप्रकाश शर्मा, डॉ. अरविंद भदौरिया, श्री मुकेश चैधरी, जिला अध्यक्ष श्री संजीव कांकर, श्री राकेश चैधरी, पूर्व विधायक श्री राकेश शुक्ला, श्रीमती ममता भदौरिया सहित जिला पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने भव्य स्वागत किया। यात्रा के मुरैना पहुंचने पर सांसद श्री अनूप मिश्रा, प्रदेश महामंत्री श्री विष्णुदत्त शर्मा, महापौर श्री अशोक अर्गल, जिला अध्यक्ष श्री अनूप भदौरिया, विधायक श्री शतपाल भदौरिया ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमें विरासत में बीमारू मध्यप्रदेश दिया। हमने उसे विकसित बनाया और आने वाले 5 वर्षों में समृद्ध मध्यप्रदेश बनाएंगे। मध्यप्रदेश की तस्वीर बदलने के लिए संकल्पित होकर हम लगातार काम कर रहे हैं। मैं अपने प्रदेश के नागरिकों का जीवन बदलने के अभियान पर निकला हॅू। मुख्यमंत्री जी ने जनआशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जन समर्थन से अभीभूत होकर कहा कि चंबल की धरती पर जनता का प्रेम और स्नेह पाकर धन्य हुआ हॅू। आपका आशीर्वाद मिलने से मेरी ऊर्जा और बढ़ गई है। केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पोरसा में जनसभा को संबोधित किया।

भिंड में होगी सैन्य स्कूल की स्थापना

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अटेर में जनसभा में कहा कि चंबल की इस माटी से भारत माता की सेवा करने के लिए जवान निकले हैं। शूरवीरों की इस धरा से नौजवान भारत माता की सेवा में ओर आगे बढ़ें इसके लिए भिंड जिले में सैन्य स्कूल की स्थापना जल्द होगी। श्री चौहान ने कहा कि पहले जो भिंड, मुरैना डकैतो के आतंक से भयभीत था। अब उन बीहड़ों में डकैत नहीं हैं। कांग्रेस के समय यह क्षेत्र डाकुओं के आतंक से त्रस्त था। भाजपा सरकार ने आते ही सारे डकैत गिरोह का सफाया कर दिया। अब बीहड़ में चंबल एक्सप्रेस वे से विकास का नया मार्ग खुलेगा। चंबल के विकास में भाजपा सरकार कोई कमी नहीं रखेगी। चंबल क्षेत्र को पानी देने के लिए 2245 करोड़ रू. की सिंध बहुउद्देशीय परियोजना को स्वीकृति दी गई।

भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दें

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान छोटे-छोटे गांव में ग्रामीणों से संवाद करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों और कांग्रेस की नाकामियों से उन्हें अवगत कराया। रथसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ गरीबी हटाओं का नारा दिया, लेकिन हकीकत में कांग्रेस ने गरीबी के बजाय गरीबों को हटाने का काम किया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि हर गरीब को पक्का मकान मिले, उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा मिले, इसके लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण ‘संबल’ योजना का क्रियान्वयन हमने किया है। गरीब के जीवन में नया सबेरा लाने का काम भाजपा सरकार कर रही है।

झलकियां:-

ऽ यात्रा मार्ग में बड़ी संख्या में दो पहिया वाहनों पर सवार होकर युवाओं ने जनआशीर्वाद यात्रा की अगवानी की।

ऽ लाड़ली लक्ष्मी, उज्जवला योजना के हितग्राहियों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री जी का स्वागत किया।

ऽ गोरमी में रथ सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने अगले सत्र में महाविद्यालय खोलने की बात कही।

ऽ मुरैना के अम्बाह में जनसैलाब उमड़ा।

 

शहीदों के सम्मान के लिए 14 अगस्त को उनके गांव पहुंचेंगी शहीद सम्मान यात्राएं

 

भिंड। कांग्रेस के बड़े नेता आतंकियों के नाम के आगे ‘जी’ लगाकर उनका सम्मान करते हैं और सर्जिकल स्ट्राइक जैसी वीरता पर सबूत मांगते हैं। जवानों के पराक्रम तथा उनकी शहादत पर सवाल खड़े करते हैं। यह शहीदों का अपमान है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार शहीदों के सम्मान के लिए सदैव काम करती रहेगी और शहीदों की शहादत को नमन करने के लिए ही हम आगामी 14 अगस्त को शहीद सम्मान यात्रा निकालेंगे। स्वाधीनता दिवस से एक दिन पहले शहीद सम्मान यात्राएं प्रदेश के हर शहीद के गांव तक पहुंचेगी और उनके परिवार का सम्मान करेगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिंड में एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा आज भिंड से प्रारंभ हुई। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत किया गया। यहां पत्रकार वार्ता में चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भिंड, मुरैना और समूचे चंबल क्षेत्र की धरती को प्रणाम करता हूं। यह शहीदों की भूमि है और यहां के जवानों ने जरूरत पड़ने पर अपने खून की आखिरी बूंद तक देकर देश की सीमाओं की रक्षा है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता आतंकियों को ‘जी’ कहकर पुकारते हैं। उनका सम्मान करते हैं। मगर शहीदों की शहादत पर शक करते हैं, सवालिया निशान लगाते हैं। कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगती है। यह पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों की कमर तोड़ने वाले जवानों के पराक्रम का अपमान है। कांग्रेस बटाला हाउस एनकाउंटर पर भी सवाल उठाती है। यह मोहन दत्त शर्मा जैसे शहीदों का अपमान है, जो आतंकियों से लड़ते-लड़ते अपनी जान कुर्बान कर देते हैं। मुख्यमंत्री ने महाकवि श्रीकृष्ण सरल की कविता की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा- ‘मैं अमर शहीदों का चारण उनके ही यश गाता हूं, कर्ज राष्ट्र ने खाया है उसका ही ऋण चुकाता हूं।‘

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के शहीदों के सम्मान के लिए सरकार आगामी 14 अगस्त को पूरे प्रदेश में शहीद सम्मान यात्राएं निकालेगी। इन यात्राओं वे स्वयं, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, समाजसेवी और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। यात्राएं प्रदेश के हर शहीद के गांव पहुंचेगी और वहां शहीद के परिवार का सम्मान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जो प्यार जताया है, जो भरोसा दिखाया है, मैं संकल्प लेता हूं कि इस भरोसे को टूटने नहीं दूंगा। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस शासन के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय डाकुओं की वजह से चंबल की घाटियां आतंक की पर्याय बनी हुई थीं। भाजपा सरकार ने चुनौती मानकर डाकुओं के आतंक को खत्म किया। कोटा से आने वाला चंबल नहर का पानी भिंड जिले तक पहुंच ही नहीं पाता था। लेकिन भाजपा सरकार ने नहरों के टेल एरिया तक पानी पहुंचाया। उन्होंने कहा कि चंबल एक्सप्रेस वे को लेकर केंद्र सरकार से चर्चा हुई है और जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा। इसके बन जाने से भिंड, मुरैना और श्योपुर तथा समूचे चंबल क्षेत्र के विकास के द्वार खुल जाएंगे। सिंध नदी पर बांध परियोजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2247 करोड़ की इस परियोजना से भिंड जिले और चंबल क्षेत्र के अन्य जिलों को भी लाभ होगा।

कांग्रेस की प्राथमिकता में विकास क्यों शामिल नहीं

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस शासन में प्रदेश बदहाल हो चुका था। सड़कें गड्ढों में बदल गई थीं, बिजली 2-3 घंटे ही मिलती थी। पानी के बिना किसानों की फसलें सूख जाती थीं। दिग्विजयसिंह ने सबसे ज्यादा बंटाढार तो शिक्षा के क्षेत्र में किया, उन्होंने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को अतिथि शिक्षकों और गुरूजियों के हवाले कर दिया। 14 साल पहले जब भाजपा की सरकार बनी, तो हमने सबसे पहले अपना ध्यान इन्फ्रास्ट्रक्चर पर केंद्रित किया। भाजपा के शासन में 1.5 लाख किलोमीटर सड़कें बनाई गईं। बिजली उत्पादन आज आवश्यकता से अधिक है। राज्य की सिंचाई क्षमता 7.5 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर हो गई है। उन्होंने कहा कि हर जाति और वर्ग के गरीबों के लिए सरकार ने संबल योजना की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि जब भाजपा सरकार इतने छोटे से अंतराल में प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाल सकती है, तो कांग्रेस की सरकारों ने पिछले 50 सालों में क्या किया? उन्होंने पूछा कि कांग्रेस की प्राथमिकताओं में लोगों का कल्याण और विकास का एजेंडा क्यों शामिल नहीं है?

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि

सिंधिया बताएं, क्या कांग्रेस शासन में आबाद था प्रदेश? पत्रकार वार्ता के दौरान एक संवाददाता ने मुख्यमंत्री का ध्यान कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस बयान की तरफ आकर्षित किया कि ‘भाजपा के शासन में प्रदेश बर्बाद हो गया है।’ इस पर प्रतिक्रया देते हुए मुख्यमंत्री ने सिंधिया से सवाल किया कि वे बताएं कि क्या कांग्रेस के शासन में प्रदेश आबाद था? जब चंबल में डाकुओं का आतंक छाया हुआ था, तब आबाद था। जब सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आते थे, तब आबाद था प्रदेश? जब लोग घरों में और किसान खेतों में बिजली आने की राह तकते थे, तब आबाद था प्रदेश?

 

जनआशीर्वाद यात्रा 1 एवं 2 अगस्त को

अनुपपुर, कटनी एवं शहडोल जिलों में

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा 1 एवं 2 अगस्त को अनुपपुर, कटनी एवं शहडोल जिलों में रहेगी।

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान 1 अगस्त को प्रातः 10.30 बजे हेलिकाॅप्टर द्वारा पुस्पराजगढ़ विधानसभा के राजेन्द्रग्राम पहुंचकर मंच सभा को संबोधित करेंगे। 11.15 बजे राजेन्द्रग्राम से जमोडी होते हुए अनुपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। दोप. 12.15 बजे अनुपपुर में मंच सभा को संबोधित करने के पश्चात् फुनगा में 1.30 बजे रथसभा को संबोधित करेंगे। जनआशीर्वाद यात्रा फुनका से बदरा होते हुए 2.20 बजे कोतमा पहुंचेगी जहां मुख्यमंत्री मंच सभा को संबोधित कर जनआशीर्वाद लेंगे। कोतमा से चलकर 3.40 बजे देवगंवा में रथासभा, देवगंवा से सिमरिया चैक होते हुए 4.15 बजे केशवाही में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। आप गिरवा, बकहो होते हुए अमलाई चैक पहुंचकर 6.15 बजे रथसभा एवं कंचनपुर, जुमई होते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 7.30 बजे शहडोल में विशाल जनसभा को संबोधित कर जनआशीर्वाद लेंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम शहडोल के सर्किट हाउस में करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 2 अगस्त को प्रातः 9 बजे शहडोल के गणमान्य नागरिकों से भेंट के पश्चात् 9.30 बजे पत्रकार-वार्ता को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री प्रातः 10.30 बजे हेलीकाॅप्टर द्वारा शहडोल से उमरिया पहुंचकर 10.30 बजे सभा को संबोधित करेंगे। आप 11.30 बजे हेलीकाॅप्टर द्वारा उमरिया से मानपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री दोप. 12 बजे मानपुर में सभा को संबोधित करेंगे। 1.05 बजे अमरपुर में रथसभा, 1.50 बजे बरही में रथसभा के पश्चात् डोकरिया, सिजहरा, सिंगौड़ी, हन्तला, बंजारी होते हुए दोप. 3 बजे विजयराघवगढ़ में सभा को संबोधित करेंगे। जन आशीर्वाद यात्रा विजयराघवगढ़ से देवराकलां, देवसरी, इंदौर, कांटी, बरछेका, बसाड़ी, रोहनिया होते हुए बड़वारा पहुंचेगी। मुख्यमंत्री बड़वारा में 5.40 बजे मंच सभा, मझगवां में 6.40 बजे रथसभा, जुहला-जुहली में 7.15 बजे रथसभा के पश्चात् खिहरनी, घंटाघर, झंडा बाजार, कपड़ा बाजार, सुभाष चैक होते हुए गोल बाजार, रामलीला मैदान पहुंचकर 8.30 बजे विशाल जनसभा को संबोधित कर जनआशीर्वाद लेंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम कटनी के सर्किट हाउस में करेंगे

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments