शासकीय हाईस्कूल, अवाडपुरा में दिव्यांग जागरूकता शिविर आयोजित
ग्वालियर28 अप्रैल /दिव्यांगजनों को केवल सहानुभूति पूर्ण व्यवहार नहीं बल्कि सक्षम और स्वावलंबी बनाने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। दिव्यांगजन को रोजगार से जोड़ने के लिए भी प्रयास होने चाहिए,उनके लिए भी कौशल विकास के प्रशिक्षण की योजना बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र जैसी संस्थाओं को कार्य करना चाहिए।

यह बात रेडक्रॉस सोसायटी ग्वालियर के सचिव श्री नवल किशोर शुक्ल ने मंगलवार को अवाडपुरा स्थित शासकीय हाईस्कूल में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, ग्वालियर द्वारा आयोजित दिव्यांग जागरूकता शिविर में बतौर मुख्यअतिथि कही। उन्होंने केंद्र के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पुनर्वास की दृष्टि से बेहतर कार्य कर रहा है, वहां दी जा रही थेरेपी, परामर्श तथा कृत्रिम अंग आदि की सुविधाओं के साथ में प्रति बुधवार (दिव्यांग प्रमाण पत्र) UDID बनने का कार्य भी सुगमता से किया जा रहा है। केंद्र का पूरा स्टाफ अनुभवी और सेवाभावी है, इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक शासन की योजनाओं पहुंचाना और लाभ दिलाना यह केंद्र का उद्वेश्य होना चाहिए। श्री शुक्ल ने आगे कहा कि ऐसे शिविरों में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ को भी लाने का प्रयास करें, ताकि जन्म से पूर्व ही गर्भवती महिलाओं को उन सावधानियां से अवगत कराया जा सके जिनसे बच्चे स्वस्थ जन्म ले सकें ।
कार्यक्रम में केंद्र के सचिव पी.के. शर्मा ने केंद्र की जानकारी रखी और शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। शिविर का संचालन कर रहे केंद्र के प्रशासनिक अधिकारी गिरीश कुमार पाल ने शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी,तथा किस प्रकार से दिव्यांगजन केंद्र की योजनाओं और सेवाओं का लाभ ले सकते हैं, इस पर विस्तृत जानकारी दी। शिविर के उद्घाटन समारोह में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दीपिका शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लश्कर जिला सेवा प्रमुख श्री चितवन सोनी, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की संचालन समिति के सदस्य श्री रमाशंकर शर्मा, श्री प्रमोद कुमार गुप्ता, श्री सूर्यकांत अग्निहोत्री एवं रेडक्रॉस ग्वालियर के अधिकारी श्री शराफत अली खान, केंद्र के स्टाफ सदस्यों में कु.अजरा खान, श्री विक्रांत अवस्थी, श्रीमती आकांक्षा गुप्ता, श्री आशीष कुमार शर्मा, श्रीमती रजनी मूंदड़ा,श्रीमती सोनाली गोयल, श्रीमती रेणु मेवाफ़रोस एवं श्री गप्पा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का आभार श्री रमाशंकर शर्मा ने व्यक्त किया। शिविर में करीब एक सैकड़ा से अधिक दिव्यांगजन और उनके पालकगण तथा विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।