Homeप्रमुख खबरेंदिल्ली के अग्निकांड ने खोली ग्वालियर नगरनिगम की कुम्भकरणी नींद कई होटलों...

दिल्ली के अग्निकांड ने खोली ग्वालियर नगरनिगम की कुम्भकरणी नींद कई होटलों का निरिक्षण मिलीं कई कमियां

पंचवटी गौरव रेस्टोरेंट में फायर सुरक्षा निष्क्रीय पाये जाने पर रेस्टोरेंट किया सील फायर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर नगर निगम की कार्रवाई

ग्वालियर दिनांक 04 जून 2026 – दिल्ली के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड और उसमें हुईं 21 मौतों के बाद ग्वालियर नगर निगम भी अपनी कुम्भकरणी नींद से जाग गया इसके बाद आज नगर निगम के फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा शहर के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्थापित फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान अल्फांजो रेस्टोरेंट, फॉर्च्यून एवेन्यू, पंचवटी गौरव रेस्टोरेंट, स्कारलेट होटल एवं बाटा शोरूम सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में फायर सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठानों में स्थापित फायर सुरक्षा उपकरण पूर्णतः कार्यरत नहीं थे तथा फायर सुरक्षा नियमों के अनुसार आवश्यक न्यूनतम व्यवस्थाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। उक्त कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की गई।

निरीक्षण में पंचवटी गौरव रेस्टोरेंट में फायर सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतः निष्क्रिय एवं नियमानुसार नहीं पाए जाने पर प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। इसके अतिरिक्त अन्य पांच प्रतिष्ठानों के संचालकों को फायर सुरक्षा उपकरणों को शीघ्र चालू कराने तथा निर्धारित समयावधि में संपूर्ण फायर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में संबंधित संचालकों से शपथ पत्र (एफिडेविट) प्राप्त किए गए हैं तथा उन्हें दो सप्ताह के भीतर समस्त फायर सुरक्षा व्यवस्थाएं पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है।
उक्त कार्रवाई निगमायुक्त श्री संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त श्री मुनीष सिकरवार के निर्देशन एवं उपायुक्त फायर ब्रिगेड श्री रजनीश गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई के दौरान श्री कपिल पटेल (जोनल ऑफिसर), श्री उमंग प्रधान (फायर ऑफिसर), श्री जोगेंद्र सिंह गुर्जर (सहायक फायर ऑफिसर), श्री धर्मेंद्र भदौरिया ,श्री प्रशांत, श्री आशिक खान सहित फायर ब्रिगेड विभाग एवं मदाखलत विभाग का अमला उपस्थित रहा।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि फायर सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments