Homeदेशसीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके अचानक हुए बीमार तेज बुखार, फूड पॉइजनिंग...

सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके अचानक हुए बीमार तेज बुखार, फूड पॉइजनिंग के बाद छोड़ना पड़ा धरना स्थल

नई दिल्ली 23 जुलाई 2026/राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में हुई धांधली के विरोध में पिछले एक महीने से अधिक समय से धरना दे रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया है। अत्यधिक शारीरिक थकान, तेज बुखार और बदन दर्द के कारण उन्हें गुरुवार को अस्थायी रूप से धरना स्थल से दूर होना पड़ा। इस बात की जानकारी उन्होंने स्वयं अपने सोशल मीडिया खाते के जरिए साझा की है।

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए समर्थकों को अपनी सेहत का हाल बताया। उन्होंने लिखा कि वे बीते कुछ दिनों से गंभीर बदन दर्द और बुखार से जूझ रहे थे तथा पेनकिलर खाकर लगातार आंदोलन की कमान संभाले हुए थे। दीपके ने समर्थकों से माफी मांगते हुए कहा कि शरीर को रिकवर करने के लिए उन्हें कुछ घंटों के विश्राम की सख्त जरूरत है और वे स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार होते ही शाम तक पुनः जंतर-मंतर लौट आएंगे।

इससे पूर्व मंगलवार को भी मंच पर संबोधन के दौरान दीपके को चक्कर आ गया था और उल्टी की शिकायत हुई थी। इस संबंध में जब सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका से संवाददाताओं ने बात की, तो उन्होंने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया।

रांका ने जानकारी दी कि दीपके को उल्टी और दस्त की समस्या हुई है, जिससे उनका शरीर काफी कमजोर हो गया है। प्रवक्ता ने यह अंदेशा भी जताया कि आंदोलन को प्रभावित करने के लिए कोई उन्हें जानबूझकर विषाक्त या खराब भोजन दे सकता है, इसलिए अब उनके खान-पान की विशेष निगरानी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments