ग्वालियर, 25 जुलाई2026/ अखिल भारत हिन्दू महासभा ने सावन माह को देखते हुए प्रदेश सरकार से मंदिरों और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम करने की मांग की है। संगठन ने कहा है कि 29 जुलाई से गुरु पूर्णिमा के साथ सावन मास का शुभारंभ होगा, ऐसे में सभी प्रमुख शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामबाबू सेन, संभागीय अध्यक्ष पवन गुप्ता, जिला अध्यक्ष लोकेश शर्मा तथा जिला युवा अध्यक्ष आनंद माहौर ने संयुक्त रूप से कहा कि सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ यात्रा निकालते हैं। ऐसे में नेशनल हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही मंदिरों में महिलाओं की सुरक्षा, चेन स्नेचिंग और जेबकतरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।
इधर, चामुंडा माता कोटेश्वर हिन्दू महासभा मंदिर समिति द्वारा देवशयनी एकादशी के अवसर पर पूजन-अर्चन एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
संगठन ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत भी किया है। इस संबंध में 26 जुलाई को शाम 6 बजे हिन्दू महासभा भवन, दौलतगंज में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। संगठन के अनुसार बैठक के बाद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए आतिशबाजी भी की जाएगी।
यह जानकारी अखिल भारत हिन्दू महासभा के जिला अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
सावन से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर होगी आतिशबाजी
RELATED ARTICLES