ग़ज़ा में सहायता सामग्री से भरे जहाज़ों को ज़ब्त करने के मामले में तुर्की ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी वारंट जारी किया इसके बाद इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को बयान जारी कर तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन को “यहूदी-विरोधी और तानाशाह” बताया है.
एक्स पर जारी बयान में इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है, “अर्दोआन एक यहूदी-विरोधी तानाशाह हैं, जिन्होंने कुर्दों का जनसंहार किया है. हमास के आतंकवादियों को पनाह दी है, साइप्रस के आधे हिस्से पर क़ब्ज़ा कर रखा है, और उसका विरोध करने वाले रिकॉर्ड संख्या में पत्रकारों और राजनेताओं को जेल में डाल दिया है.”
इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने आरोप लगाया कि “अर्दोआन अब इसराइल के ख़िलाफ़ अपनी आक्रामकता को सीरिया तक बढ़ाना चाहते हैं, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
बयान में कहा, “इसराइल के नेताओं और सैनिकों को डराने-धमकाने की अर्दोआन की यह कोशिश किसी काम नहीं आएगी.”