Homeप्रमुख खबरेंग्वालियरवासी मानवता की सेवा के लिये आगे आए, 535 यूनिट रक्तदान किया

ग्वालियरवासी मानवता की सेवा के लिये आगे आए, 535 यूनिट रक्तदान किया

 

जनप्रतिनिधियों, शासकीय सेवकों और सेवाभावी नागरिकों ने रक्तदान कर,लिया मानवता की सेवा का संकल्प

ग्वालियर, 17 सितम्बर 2026/ ग्वालियर जिले में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ का शुभारंभ दिवस मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर को जिले में पाँच स्थानों पर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में जनप्रतिनिधियों, सेवाभावी नागरिकों और शासकीय सेवकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प लिया। अभियान के पहले दिन जिले में लगभग 535 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया।
जिला चिकित्सालय मुरार में आयोजित रक्तदान शिविर में संभागीय आयुक्त श्री मनोज खत्री और कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने रक्तदान किया। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर समाज को मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का प्रेरक संदेश दिया।
सिटी सेंटर निवासी श्री रविन्द्र यादव ने भी जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर में रक्तदान किया। उनके द्वारा किया गया यह 35वाँ रक्तदान था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर पीड़ित मानवता की सेवा के लिए रक्तदान करने का अवसर मिलना उनके लिए खुशी की बात है।
13वीं बटालियन में पदस्थ विशेष सशस्त्र बल के जवानों और सेवाभावी नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। बटालियन के जवान श्री संतोष धाकड़, श्री पुरुषोत्तम प्रजापति और श्री दीपक नरवरिया ने सेवाभाव के साथ रक्तदान करते हुए नागरिकों से भी रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से हम किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में सहभागी बन सकते हैं।

इन स्थानों पर लगे रक्तदान शिविर

‘सेवा-संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितम्बर को जिला चिकित्सालय मुरार में आयोजित शिविर में लगभग 80 यूनिट रक्तदान हुआ। महावीर भवन कम्पू में आयोजित शिविर में लगभग 405 यूनिट, वृंदावन गार्डन पुरानी छावनी में 24 यूनिट, कैंसर हॉस्पिटल में 10 यूनिट तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डबरा में 17 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

मंत्री श्री नारायण सिंह और सांसद श्री कुशवाह ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह

सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर और भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधिगण ‘सेवा-संकल्प अभियान’ के तहत महावीर भवन कम्पू में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुँचे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और रक्तदान के लिए आगे आए सेवाभावी नागरिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। विभिन्न शिविरों में जनप्रतिनिधियों ने स्वयं भी रक्तदान कर समाज को सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments