नई दिल्ली 23 सितंबर 2026/भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री अनिल बलूनी को संवहन (कम्युनिकेशन) विभाग का समन्वयक नियुक्त किया गया है। वहीं, हाल ही में मीडिया सह-संयोजक बनाए गए श्री आशीष उषा अग्रवाल का कद बढ़ाते हुए उन्हें अब पार्टी का राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ये नियुक्तियां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग द्वारा यह पत्र जारी किया गया।

अनिल बलूनी के अनुभव का मिलेगा लाभ: आशीष अग्रवाल
श्री अनिल बलूनी को संवहन विभाग का समन्वयक बनाए जाने पर नव-नियुक्त मीडिया संयोजक आशीष अग्रवाल ने बधाई दी। उन्होंने कहा, “आदरणीय अनिल बलूनी जी के दीर्घ अनुभव, संगठनात्मक दक्षता एवं प्रभावी संवाद कौशल का लाभ निश्चित रूप से पार्टी के कम्युनिकेशन विभाग को मजबूती से मिलेगा।”
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
अपनी नियुक्ति पर श्री आशीष अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व सहित संवहन विभाग के समन्वयक अनिल बलूनी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे। संगठन के विचारों, नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पत्रकार बंधुओं के निरंतर सहयोग व मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।