ग्वालियर, 26 सितंबर/ पितृपक्ष के अवसर पर अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा वीर सावरकर सरोवर के छोटे कुंड में पितरों के तर्पण की शुरुआत कराई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि नगर निगम आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों ने पितृपक्ष से पहले छोटे कुंड को भरवाने का आश्वासन दिया था, ताकि श्रद्धालु यहां पितृ तर्पण कर सकें। कुंड में तर्पण की व्यवस्था शुरू होने पर हिंदू महासभा ने नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने बताया कि संगठन की ओर से उन भूले-बिसरे लोगों, जिन्हें कोई याद नहीं करता, सहित ग्वालियर के हिंदू महासभा के 100 से अधिक दिवंगत सदस्य एवं पदाधिकारियों की आत्मा की शांति के लिए 27 सितंबर को पितृ शांति यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। यज्ञ हिंदू महासभा भवन, दौलतगंज में शाम 4 बजे शुरू होगा।
आयोजकों के अनुसार यज्ञ में ग्वालियर के विकास, सभी की सुख-शांति तथा पितृ दोष निवारण की कामना के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में सभी समाजों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
यज्ञ के मुख्य आचार्य पंडित गिरिराज गुरुजी एवं पंडित ब्रह्मदत्त पांडे शास्त्री होंगे। मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती मनीषा-संतोष प्रजापति, श्रीमती प्रीति-धर्मेंद्र बरेलिया, श्रीमती मनोरमा-आनंद माहौर, श्रीमती लक्ष्मी-हेमराज जाटव, श्रीमती शोभा-चंद्रशेखर दंडवते तथा श्रीमती एवं श्री लोकेश शर्मा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां देंगे।
कार्यक्रम में हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामबाबू सेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाएंगे।
हिंदू महासभा के संभागीय अध्यक्ष पवन गुप्ता, महिला अध्यक्ष दादा गुप्ता, जिला अध्यक्ष लोकेश शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष आनंद मोहन सहित सरला शर्मा, संतोष प्रजापति, घायल प्रजापति, मुन्नालाल शर्मा, देवेंद्र कुमार पाठक, रामकिशन राठौर, रोहित जाटव, राहुल गुप्ता, जोगेंद्र दीक्षित, प्रमोद शर्मा, सचिन मोहन महार और निहाल सिंह ने सभी समाजों के प्रतिनिधियों से पितरों की शांति के लिए आयोजित यज्ञ में शामिल होकर आहुति देने की अपील की है।