भोपाल, 2 अक्टूबर 2026/ मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 अक्टूबर को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गौपालकों के शामिल होने की बात कही गई है।
कार्यक्रम में पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गौपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अमित शाह डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे।
उज्जैन में अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का भूमि-पूजन
सम्मेलन के दौरान केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह उज्जैन में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे।
इसके साथ ही भोपाल में तैयार 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा। मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन, भोपाल परिसर में स्थापित सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला तथा शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र का भी शुभारंभ होगा।
दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा बोनस
गौपालक सम्मेलन में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत एवं संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव और भरण-पोषण के लिए जुलाई और अगस्त 2026 की अनुदान राशि ऑनलाइन डीबीटी के माध्यम से वितरित की जाएगी।
यह राशि गौशालाओं में दर्ज गोवंश के लिए आहार, भरण-पोषण और समुचित व्यवस्थापन पर खर्च की जाती है।
आईआईएसईआर परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण
केंद्रीय मंत्री अमित शाह भोपाल बायपास स्थित भौरी के पास आईआईएसईआर (अत्रि) परिसर का शिलान्यास भी करेंगे। इसके साथ ही परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, गौपालक सम्मेलन और इससे जुड़े डेयरी क्षेत्र के कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, सहकारिता और डेयरी अधोसंरचना को मजबूत करना है।
मध्यप्रदेश में दुग्ध क्रांति के सूत्रपात का दावा, 3 अक्टूबर को आएंगे अमित शाह, 35 हजार से अधिक गौपालक जुटेंगे
RELATED ARTICLES