स्वच्छता के क्षेत्र में ग्वालियर ने रचा नया इतिहास, बना मध्य प्रदेश राज्य का प्रथम स्वच्छ शहर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को मध्य प्रदेश राज्य का स्वच्छ शहर श्रेणी में मिला प्रदेश का सर्वोच्च सम्मान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित हुआ ग्वालियर
ग्वालियर, 11 नवम्बर 2026। स्वच्छता के क्षेत्र में ग्वालियर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के अंतर्गत 60 से अधिक शहरों को विभिन्न श्रेणी अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार समारोह में ग्वालियर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्यप्रदेश’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान न केवल ग्वालियर नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक, सफाई मित्र और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की भी बड़ी उपलब्धि है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह की मुख्य अतिथि भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू रहीं। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ग्वालियर को प्रदेश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनने का गौरव प्राप्त होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार एवं नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर ने समस्त शहरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे ग्वालियर का सम्मान है। शहरवासियों की जागरूकता, सफाई मित्रों की मेहनत और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के निरंतर प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
नगर निगम ग्वालियर की ओर से नगर निगम आयुक्त श्री अभिषेक चौधरी, पूर्व निगमायुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त स्वास्थ्य श्री टी. प्रतीक राव एवं उपायुक्त एसबीएम श्री मुकेश बंसल ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री श्री शैलेंद्र सक्सेना, आईईसी समन्वयक सुश्री विजेता सिंह चौहान, कंसल्टेंट श्री देवेन्द्र निम सहित अन्य विभागीय अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी समारोह में उपस्थित रहा।
सामूहिक प्रयासों से मिली सफलता, अब स्वच्छता में नए कीर्तिमान बनाने का संकल्प
ग्वालियर को मिला यह सम्मान शहर की स्वच्छता यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह उपलब्धि बताती है कि जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन, नगर निगम का अमला और शहरवासी एक लक्ष्य के लिए मिलकर काम करते हैं, तो सकारात्मक बदलाव निश्चित रूप से सामने आता है। इस सम्मान ने ग्वालियर के स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। अब लक्ष्य इस उपलब्धि को बरकरार रखते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में और भी नए कीर्तिमान स्थापित करना है।