एससी एक्ट को लेकर भारत बंद का सुबह से ही व्यापक असर देखा जा रहा है। लोग जहां मोदी सरकार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय की मंशा के विरूद्ध संसद में कानून को पास कराने को लेकर नाराज हैं वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की चेतावनी भरे बयान कौन माई का लाल हटाता है आरक्षण से भी लोग आग बबूला दिख रहे हैं । जगह जगह इसकी चर्चा हैं।
ग्वालियर अंचल में भाजपा के सभी बड़े नेता नहीं दे रहे दिखाई
मजे की बात यह है कि लोगों के गुस्से को देखते हुए ग्वालियर अंचल के लगभग सभी बड़े नेता भूमिगत गो गए हैं। बन्द के एक दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों व महापौर आदि का घेराव कर काले झंडे दिखाए जाने की घटना ने यह संकेत दे दिए थे कि उनमें कितना जोरदार गुस्सा है।यही वजह है कि ग्वालियर सहित चम्बल अंचल के भिण्ड मुरैना दतिया व अन्य जिलों में हाईअलर्ट कर चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
बन्द के खिलाफ गुस्सा किस कदर है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूरे अंचल में बंद पूरी तरह सफल है। पेट्रोल पंप स्कूल कॉलेज में छुट्टी है। धारा 144 के चलते भारी पुलिस बल सड़कों व संवेदनशील स्थानों पर देखा जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक अंचल के किसी भी हिस्से से तोड़फोड़ धरना प्रदर्शन की कोई खबर नहीं है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना, भिंड शिवपुरी,अशोकनगर, गुना, जबलपुर समेत कई जिलों में एहतियातन धारा 144 लागू की गई है।स्कूल कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है और जबलपुर में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई है। इसके साथ ही बिना अनुमति धरना प्रदर्शन, रैली और समूह में एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस बंद का आह्नान कें सवर्ण समाज, करणी सेना, सपाक्स समेत 35 संगठनों द्वारा किया गया है।
ग्वालियर-चंबल संभाग सहित, भोपाल इंदौर, जबलपुर, दतिया और छतरपुर में बंद का असर देखने को मिला है, लेकिन फिलहाल शांति है।इंदौर, उज्जैन, मंदसौर, देवास, खंडवा, खरगोन और रतलाम सहित आस-पास के इलाकों में गुरुवार सुबह से ही बंद का असर देखने को मिला। यहां स्कूल-कॉलेजों सहित कई दुकानें भी बंद रहीं।उज्जैन में बंद का फिलहाल मिला जुला असर दिखा। हर रोज सुबह खुलने वाले रेस्टोरेंट सहित मेडिकल स्टोर भी नहीं खुले।
भोपाल में सीएम हाउस की सुरक्षा बढाई
सवर्ण आंदोलन के तहत भारत बंद को लेकर MP पुलिस हाई अलर्ट पर है। CM हाउस, बीजेपी कार्यालय, मंत्रालय और गृह मंत्री के बंगले की सुरक्षा बढ़ाई गयी है। पूरे प्रदेश में पुलिस कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल कराया गया है। भोपाल में 3000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।कंट्रोल रूम से सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही बंद के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन आशीर्वाद यात्रा की ज्यादातर सभाएं हेलीकॉप्टर से पूरी करेंगे। हालही में शिवराज के काफिले पर हुए पथराव और SC/ST एक्ट के विरोध को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
मंडी, स्कूल और पेट्रोल पंप बंद
सवर्ण आंदोलन के तहत बंद के आव्हान का व्यापारियों ने समर्थन किया है। ज़्यादातर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गयी है।भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश CBSE और MP बोर्ड के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गयी है ।किसी अनहोनी के डर से सबसे पहले मध्य प्रदेश के पेट्रोल पंप संचालक एसोसिएशन ने पेट्रोल पंप बंद रखने का ऐलान किया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सभी पेट्रोल पंप एहतियातन बंद रहेंगे। साथ ही मंडियां भी बंद रहेंगी।
चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात
सुरक्षा के दृष्टिकोण से वन विभाग, पुलिस, नगर रक्षा समिति और होमगार्ड्स की ड्यूटी लगाई गई है। व्यवस्था को संभालने के लिए नायब तहसीलदार एवं पटवारियों की भी डयूटी लगाई गई है । पुलिस कंट्रोल रूम में अतिरिक्त फोर्स रखा गया है। एसएएफ की 34 कंपनियां 6,000 नव आरक्षक तैनात किए गए हैं। बंद को लेकर होने वाले विरोध प्रदर्शन की प्रशासन वीडियोग्राफी करवाएगा। बंद को समर्थन दे रहे सभी संगठन सपाक्स के बैनर तले इकट्ठा होकर रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
जबलपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद
जबलपुर की जिला कलेक्टर छवि भारद्वाज ने बंद के आह्वान को देखते हुए गुरुवार शाम छह बजे तक जिले में इंटरनेट सेवा प्रतिबंधित कर दी है। 5 सितंबर रात 8 बजे से लेकर 6 सितंबर शाम 6 बजे तक मोबाइल पर इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। इसके लिए प्रशासन से सभी मोबाइल कंपनियों को आदेश जारी किया है। चुंकी संभावित बंद से पहले सोशल मीडिया पर तरह तरह की अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। पहले भी देखा गया है माहौल खराब होने में सोशल मीडिया की भूमिका बहुत अहम थी। लिहाजा पुलिस प्रशासन अभी से सचेत हो गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से कोई भी हिंसा न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने जबलपुर जिले की सीमा में इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश जारी किया है।
सीएम ने की जनता से अपील
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से शांति की अपील की है। उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। यह फले-फूले और आगे बढ़े, यही सबसे प्रार्थना है। प्रदेश की शांति को किसी की नजर न लगे, इसलिए आत्मीयता व सद् भाव बढ़ाएं। मैं सबके लिए हूं। प्रदेश के हर नागरिक के लिए दिल का द्वार खुला हुआ है। आप सबसे प्रार्थना है कि मिलकर व प्रेम से काम करें। कोई बात है तो शांति से कहें, ताकि अपने प्रदेश की कानून व्यवस्था न बिगड़े।