ग्वालियर में टिकिट वितरण से खफा भाजपा कांग्रेस दोनों ही दलों के कुछ नेताओं ने बगावती तेवर दिखाते हुए पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समकक्ष निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरकर रणनीतिकारों का सिरदर्द बढ़ा दिया है।
भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी व पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय नामांकन भरा है। वे ग्वालियर दक्षिण विधानसभा से टिकट मांग रहीं थी इसके अलावा ख़बरें ये भी थीं कि वे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के संपर्क में भी थीं लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने निर्दलीय पर्चा भर दिया। समीक्षा गुप्ता का कहना है कि वे क्षेत्र की जनता और बहन बेटियों की मांग पर चुनाव लड़ रहीं हैं ।।
उधर पूर्वमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भगवान सिंह को नामांकन दाखिल करते समय लोग चौंक गए। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में ही नामांकन दाखिल किया है ।उन्होंने कहा कि यदि बी फार्म उनके नाम से नहीं आएगा तो वे अपना पर्चा वापस ले लेंगे। वे कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं बगावत नहीं करेंगे।
उधर कांग्रेस से बगावत कर बीएसपी में गए साहब सिंह गुर्जर ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर ग्वालियर ग्रामीण से पर्चा दाखिल किया। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस में सक्रिय रहे लेकिन जब टिकट मिलने की बारी आई तो पूर्व विधायक मदन कुशवाह को टिकट दे दिया गया। उनका कहना है कि वे क्षेत्र की जनता की मांग पर अपना चुनाव लड़ रहे हैं और जीत कर भी दिखाएंगे। ग्वालियर दक्षिण और ग्वालियर ग्रामीण सीट पर अब त्रिकोणीय मुकाबले होंगे। क्योंकि पार्टी के बगावती नेताओं ने मौजूदा प्रत्याशियों की नींद उड़ा दी है कई विधानसभा क्षेत्रों में जातिगत समीकरण भी इन प्रत्याशियों के आड़े आ रहे हैं ऐसे में कांग्रेस भाजपा दोनों ही दल भितरघात और वोट कटने से डरे हुए है।

