Homeधर्म कर्मकई मायनों में भव्य और विराट होगा प्रयागराज का कुंभ मेला,10 करोड़...

कई मायनों में भव्य और विराट होगा प्रयागराज का कुंभ मेला,10 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी

       प्रवीण दुबे

गंगा यमुना और सरस्वती की संगम नगरी प्रयागराज दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन कुंभ मेले की तैयारी में रात दिन जुटी हुई है, मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के समर्थन में प्रचार     के लिए ग्वालियर आए उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से उनकी व्यस्तता के बीच जब Shabd shakti news ने कुम्भ के बारे में चर्चा के लिए आग्रह किया तो श्री मौर्य ने इसे सहजता से स्वीकार किया और बातचीत के दौरान कुम्भ मेले की विराटता ,भव्यता और विशालता से अवगत कराया,तो आप भी इसे जानिए।

साल 2019 में जनवरी से 4 मार्च तक प्रयाग मे अर्धकुंभ लग रहा है। जिसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पहले ही अर्धकुंभ नहीं कुंभ नाम दे चुके हैं। इसकी वजह यह है कि सरकार इस अर्धकुंभ को बडे़ पैमाने पर आयोजित करने की तैयारी में जुटी है।श्री मौर्य ने बताया कि सरकार का प्रयास है कि इस बार का कुंभ अब तक हुए सभी आयोजनों से भव्य और विशाल होगा  इसके लिए कई नई व्यवस्थाओं और विषयों का ध्यान रखा जा रहा है

दस करोड़ श्रद्धालु आएंगे

उव मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने बताया कि कुम्भ मेले को दुनिया का सबसे विशाल आयेजन कहा जा सकता है इस आयोजन में प्रयागराज में 10 करोड़ लोगों के आने की सम्भावना है। इसी लक्ष्य को दृष्टिगत रखते हुए उत्तरप्रदेश सरकार सभी तैयारियां कर रही है। देश ही नहीं पूरी दुनिया से पर्यटक ओर श्रद्धालु भारत के इस विराट धार्मिक आयोजन को देखने यहां पहुंचने वाले हैं।

 सर्वसुविधायुक्त तम्बुओं का नगर

श्री मौर्य ने बताया कि कुम्भ में पवित्र संगम तट का विशेष महत्व होता है। यही वजह है कि सरकार द्वारा यहां आने वाले टूरिस्ट के लिए मेला स्थल पर ही सर्वसुविधायुक्त तम्बुओं का नगर बसाया जा रहा है। साफसफाई के साथ भोजन , शौचालय आदि की भी अत्याधुनिक व्यवस्था यहां की गई हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि दुनिया के इस विशालकाय आयोजन हेतु सुरक्षा व्यवस्था हमारे लिए एक बड़ी चुनौती है। इसमें किसी भी प्रकार की कोई कोताही न बरती जाए इसकी चिंता खुद मुख्यमंत्री योगीजी कर रहे है। चारों ओर सीसीटीवी लगाए गए है, विशेष सुरक्षाबल चप्पे चप्पे पर तैनात किया गया है। 

यूनेस्को ने विश्व धरोहरों में किया शामिल

श्री मौर्य ने बताया कि हाल ही में यूनेस्को ने कुंभ को विश्व की सांस्कृतिक धरोहरों में शामिल किया गया है। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकार कुंभ की भव्यता को दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। सरकार इस कुंभ की भव्यता को पूरी दुनिया मे दिखाने के लिए कई तैयारियां कर रही है।

संत करेंगे एक नई परंपरा शुरू

इलाहाबाद में कुम्भ के दौरान अखाड़ों से जुड़े कई साधु-संत देहदान की घोषणा कर एक नई परंपरा की शुरुआत करेंगे। उन्होंने बताया संत अपना शरीर चिकित्सा विज्ञान के लिए दान करेंगे यह एक महान कार्य होगा, जिससे मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी शरीर क्रिया विज्ञान का अध्ययन कर सकेंगे और मानवता की सेवा होगी ।

 

देश के सभी गांव को मिलेगा न्योता

श्री मौर्य ने बताया कि कुंभ में शामिल होने के लिए योगी सरकार देश के हर गांव को न्योता भेजेगी। पत्र में अनुरोध किया जाएगा कि वे सभी गांवों के लोगों को कुंभ में आने का यूपी का संदेश पहुंचाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद भी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित करेंगे

 

ये होंगी शाही स्नान की तारीखें

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि 2019 में संगम नगरी  में लगने वाले कुंभ मेले के शाही स्‍नान की तारीखों का एलान भी विगत दिनों   मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की मौजूदगी में किया जा चुका है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के मुताबिक इलाहाबाद में लगने वाले कुंभ मेले में पहला शाही स्‍नान 14, 15 जनवरी, 2019 को मकर संक्रांति के मौके पर होगा। वहीं दूसरा शाही स्‍नान 4 फरवरी, 2019 को मौनी अमावस्‍या के मौके पर होगा। इसके बाद तीसरा और आखिरी शाही स्‍नान 10 फरवरी, 2019 को वसंत पंचमी के दिन किया जाएगा। 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments