ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने कनाडा को 5-1 से हरा दिया है.
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंच गई है.
ग्रुप सी के अंतिम ग्रुप मुक़ाबले में भारत की शुरुआत शानदार रही. मैच के 12वें मिनट में भारत के हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक के ज़रिए गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी.
इसके बाद तीसरे क्वार्टर में, कनाडा के फ्लोरिस वान सोन ने बराबरी का गोल कर दिया. तीसरे क्वार्टर तक मुक़ाबला एक-एक से बराबर पर था.
लेकिन मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत ने गोलों की बरसात कर दी. भारतीय खिलाड़ियों ने एक के बाद एक करके का चार गोल किए.