घायलों का ट्रामा सेंटर में कराया गया उपचार
ग्वालियर 26 अक्टूबर 2026/ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के माध्यम से शहर के सांदीपनि पद्मा विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में चार श्रमिकों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायल मरीजों को तत्परता से उपचार के लिये जेएएच के ट्रामा सेंटर पहुँचाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला प्रशासन की टीम को तत्काल मौके पर भेजा और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई गई।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक श्री अनंत कुमार सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जाँच कराने के लिये कहा। प्रबंध निदेशक श्री सिंह द्वारा चीफ प्रोजेक्ट इंजीनियर के नेतृत्व में तकनीकी दल तत्परता से भेजने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
पद्मा विद्यालय में निर्माणाधीन कार्य के दौरान हुई दुर्घटना में जिन चार श्रमिकों को मामूली चोटें आई हैं, उनमें श्री हरिराम बंसल 38 वर्ष निवासी दमोह, श्री राजेश 30 वर्ष निवासी दमोह, श्री रामझरोखा 38 वर्ष निवासी कोरबा छत्तीसगढ व श्री दिलेश्वर 25 वर्ष निवासी कोरबा छत्तीसगढ शामिल हैं।