क्या कांग्रेस अंधविश्वास और टोन टोटकों पर विश्वास करती है ? यह सवाल इस कारण खड़ा हुआ है क्यों कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा पन्ना में एक प्रसिद्ध मंदिर के प्रसाद स्वरूप उन्हें दिए गए नारियल को उनके द्वारा फेंके जाने का वीडियो वायरल होने और उसके बाद मध्यप्रदेश की जनता द्वारा उन्हें लगातार निशाने पर लिए जाने के बाद अब कांग्रेस ने सिंधिया के बचाव में सफाई देते हुए कहा है कि सिंधिया ने नारियल इस कारण फेंका था क्यों कि उसमें दुर्भावना पूर्ण ढंग से टोना टोटका किया गया था।
आखिर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ता से मिला नारियल फेंक क्यों दिया. इस सवाल का जवाब कांग्रेस नेता मानक अग्रवाल ने दिया है.उन्होंने बताया कि रवाना होने के वक्त सिंधिया जी के हाथ में सिंदूर लगा नारियल दिया जिसपर साथ बैठे लोगों ने कहा कि ये नारियल टोटका करने के बाद दिया गया है. टोटका किए हुए नारियल को नीचे फेंक दीजिए. यही वजह है कि ज्योतिरादित्य ने नारियल फेंक दिया. यानि कांग्रेस का मानना है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को जो नारियल दिया गया उसमें टोटका किया गया था. लेकिन बीजेपी इस वीडियो से मिले मौके को भुनाने का मौका नहीं छोड़ना चाहती. बीजेपी ने सवाल किया है कि आखिर कांग्रेस का ही कार्यकर्ता सिंधिया को टोटके वाला नारियल क्यों देगा?
बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस कहती है ये टोटके का सिंदूर है. क्या कांग्रेस के नेता टोना-टोटका पर यकीन करते हैं और कांग्रेस का कौनसा नेता सिंधिया जी पर टोटका कर रहा है? वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है.