महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर मंदिर पर रहेंगे विशेष प्रबंध 14 फरवरी की रात से पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी रहेंगे तैनात,,,90 वालेंटियर संभालेंगे व्यवस्थाएं,अचलेश्वर मंदिर प्रबंध समिति और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की हुई बैठक
ग्वालियर 11 फरवरी 2026/ इसबार महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर महादेव मंदिर के आसपास हर साल से हटकर व्यवस्थाएं नजर आएंगी जानकारी के अनुसार इस बार मंदिर के आसपास डीजे पर प्रतिबंध रहेगा साथ ही अचलेश्वर मार्ग पर भीड़ का लोड कम हो इस कारण कटोराताल रोड पर भी पंडाल लगेंगे।रविवार 15 फरवरी महाशिवरात्रि पर्व है। महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर महादेव मंदिर पर हजारों की संख्या में भक्त आते हैं। भक्तों को भगवान के दर्शन सुचारू रूप से हो सकें, इसके लिए 14 फरवरी की रात से ही पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मंदिर परिसर में तैनात रहेंगे। इसके साथ ही मंदिर प्रबंध समिति के द्वारा 90 वालेंटियर लगाए जाएंगे। यह सभी मंदिर में व्यवस्थाएं संभालेंगे। इसके साथ ही इस बार मंदिर के आसपास डीजे पर प्रतिबंध रहेगा।

एसडीएम झांसी रोड श्री अतुल सिंह एवं सीएसपी श्री रोबिन जैन के साथ गुरूवार को अचलेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की मंदिर परिसर में आवश्यक बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि पर मंदिर और उसके आसपास डीजे नहीं बजाए जाएंगे। साथ ही 14 फरवरी की शाम से अचलेश्वर मंदिर क्षेत्र में कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं अन्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी व्यवस्थाएं संभालेंगे। महादेव के दर्शन के लिए भक्त कतार लगाकर मंदिर में जाएंगे।
प्रशासन एवं अचलेश्वर मंदिर समिति की बैठक में यह भी तय किया गया कि मंदिर परिसर एवं मंदिर के बाहर भी प्रसादी वितरण में भी साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही जो लोग भी प्रसादी वितरण करें उन्हें आसपास डस्टबिन की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा जाए।