बाल भवन में एनसीसी कैडेटों का एक दिवसीय सेमीनार आयोजित
सेमीनार के प्रारंभ में स्व. विपिन रावत को श्रद्धांजलि दी गई
ग्वालियर / संभाग आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक श्री आशीष सक्सेना ने एनसीसी कैडेटों को स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है। प्रत्येक कैडेट अपने स्तर से 10 – 10 नागरिकों की टोलियां बनाकर स्वच्छता के कार्य में अपना योगदान दें। संभाग आयुक्त श्री सक्सेना ने रविवार को बाल भवन में शासकीय आदर्श महाविद्यालय ग्वालियर के तत्वावधान में एनसीसी आर्मी विंग के एक सेमीनार में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे।
बाल भवन में आयोजित इस सेमीनार में मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर श्री राजेश गंगेले, सेवानिवृत अध्यक्ष 24 एसएमबी बैंगलोर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजर जनरल डॉ. एस सी जैन बीएसएम ने की। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल, कार्यक्रम संयोजक मेजर डॉ. अशोक सिंह चौहान सहित कॉलेज के प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने एनसीसी कैडेट को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी में अनुशासन के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में एनसीसी की भागीदारी को भी सिखाया जाता है। एनसीसी कैडेट कानून व्यवस्था के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में भी अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के कार्य में भी एनसीसी कैडेटों को बढ़-चढ़कर भागीदारी करना चाहिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यक्रम के संयोजक मेजर डॉ. अशोक चौहान ने एनसीसी के इतिहास पर संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में एनसीसी कैडेटों की संख्या लगभग 15 लाख है। कैडेट सामाजिक रूप से जुड़कर राष्ट्र सेवा के कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर श्री राजेश गंगेले ने कैडेटों का मनोबल बढ़ाते हुए सेना में कैडेट कैसे अधिकारी बन सकते हैं, उसकी पूरी जानकारी दी। इसके साथ पावर प्वॉइंट प्रजेण्टेशन के माध्यम से सेना में शामिल होने के लिये क्या-क्या तैयारियां की जाती हैं, इसके संबंध में बताया।
सेमीनार की अध्यक्षता करते हुए मेजर जनरल डॉ. एस सी जैन ने कैडेटों को राष्ट्रीय निर्माण एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही कैडेटों को राष्ट्र निर्माण में निस्वार्थ भाव से जुड़कर कार्य करने का आह्वान किया।
सेमीनार में नगर निगम आयुक्त श्री किशोर कान्याल ने स्वच्छ ग्वालियर-स्वस्थ ग्वालियर अभियान के संबंध में निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और इस महत्वपूर्ण अभियान में सभी एनसीसी कैडेटों को जुड़ने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि सभी एनसीसी कैडेट न केवल स्वयं जुड़ें बल्कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान में जोड़ने का कार्य भी करें।
सेमीनार के प्रारंभ में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये सूबेदार जनरल जरनैल सिंह एवं सीनियर अण्डर ऑफीसर अरूण तोमर को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सेमीनार के संरक्षक प्राचार्य श्री बी पी एस जादौन ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
सेमीनार के प्रारंभ में स्व. विपिन रावत को श्रद्धांजलि दी गई
बाल भवन में आयोजित सेमीनार के प्रारंभ में शहीद चीफ ऑफ डिफेंस स्व. श्री विपिन रावत सहित अन्य 13 सैन्य अधिकारियों के आकस्मिक निधन पर शोक संवेदनायें व्यक्त की गई और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।