इंदौर /भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बेटे विधायक आकाश विजयवर्गीय को अब जेल की हवा खानी होगी। दअरसल, अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। अब आकाश 7 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे।
आकाश को जर्जर मकान तोड़ने गए निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट का आरोप है। बुधवार को शहर की एमजी रोड थाना पुलिस ने नगर निगम कर्मियों से मारपीट के मामले में भाजपा के विधायक आकाश विजयवर्गीय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां उनकी जमानत खारिज कर दी गई।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विजयवर्गीय को गिरफ्तार करने के बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी गौरव गर्ग की अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान विजयवर्गीय के सैकड़ों समर्थकों ने महात्मा गांधी रोड थाने का घेराव करते हुए विधायक को थाने से न्यायालय ले जाने के दौरान जमकर हंगामा किया। इस दौरान कड़े सुरक्षा बंदोबस्त में विजयवर्गीय को अदालत के समक्ष पेश किया गया।
जब कैलाश विजयवर्गीय बोले तुम्हारी हैसियत क्या है
उधर इस घटनाक्रम का वीडियो वायरल होने के बाद एक निजी चैनल के पत्रकार ने आकाश के पिता कैलाश विजयवर्गीय से सवाल पूछा कि आपके बेटे ने कानून को अपने हाथ में लेकर निगम अधिकारियों की पिटाई की. वे ऐसा कैसे कर सकते हैं ? इस पर आपका क्या कहना है. पहले तो कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मेरा बेटा गलत काम नहीं कर सकता. फिर जब पत्रकार ने दोबारा पूछा कि यह तो वीडियो में दिख रहा है कि आकाश अधिकारियों की पिटाई कर रहे हैं. इस पर वह और ज्यादा भड़क गए और पत्रकार को कहा कि आप जज हैं क्या? पत्रकार के बार-बार सवाल पूछने पर कैलाश विजयवर्गीय ने आपा खो दिया और कहा कि तुम्हारी हैसियत क्या है