ग्वालियर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: चीनोर और हजीरा क्षेत्र में 5,400 किलो गुड़ लहान सहित अवैध शराब जप्त, 9 प्रकरण दर्ज
ग्वालियर
जिला प्रशासन और आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीमों ने ग्वालियर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध गुड़ लहान और देशी शराब बरामद की है। इस पूरी कार्रवाई में जप्त किए गए सामान का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹5,50,000 आंका गया है।
इन क्षेत्रों में की गई छापेमारी
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान और आबकारी उपायुक्त ग्वालियर संभाग श्री संदीप शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक आबकारी आयुक्त श्री राज नारायण सोनी के निर्देशन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। आबकारी दल ने चीनोर के करहिया क्षेत्र (दुबहा दुबही, चक कटना, लाल डांडा नाला, आदिवासी दफाई), ट्रांसपोर्ट नगर और हजीरा क्षेत्र के चंदन नगर, बिरला नगर व रमटा पुरा जैसे इलाकों में औचक निरीक्षण किया।
बड़ी मात्रा में लहान नष्ट, शराब जप्त
छापेमारी के दौरान विभागीय टीमों को निम्नलिखित स्थानों पर अवैध सामग्री मिली:
• दुबहा दुबही कंजर डेरा: प्लास्टिक की टांकियों में भरा लगभग 3,500 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
• चक कटना: सीमेंट के बने हौद से लगभग 700 किलोग्राम गुड़ लहान जप्त कर नष्ट किया गया।
• लाल डांडा नाला: दो अलग-अलग गड्ढों में छिपाकर रखा गया लगभग 1,200 किलोग्राम गुड़ लहान मिला, जिसे मौके पर नष्ट किया गया।
• खुदरा अवैध शराब जप्त: ट्रांसपोर्ट नगर की एक किराना दुकान से 12 पाव, न्यू चंदन नगर में राजू सविता के मकान से 16 पाव, बिरला नगर लाइन नंबर 2 से 15 पाव और रमटा पुरा सेवा नगर में धर्मेंद्र यादव के आधिपत्य से 13 पाव देशी मदिरा प्लेन जप्त की गई।
9 प्रकरण पंजीबद्ध
मौके पर गुड़ लहान के नमूने (सेम्पल) लेकर बाकी सामग्री नष्ट कर दी गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
ग्वालियर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: चीनोर और हजीरा क्षेत्र में हजारों किलो गुड़ लहान सहित अवैध शराब जप्त
RELATED ARTICLES